jamshedpur
हिमांशु सिंह हत्याकांड को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। पार्टी ने कहा कि डबल डाउन बार में दो युवाओं की निर्मम हत्या अत्यंत दुखद और निंदनीय है तथा इस मामले के सभी दोषियों को कानून के दायरे में लाना हेमन्त सोरेन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जेएमएम ने कहा कि इस गंभीर घटना पर भाजपा राज्य सरकार पर निराधार आरोप लगाने और राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है, जबकि उसे सबसे पहले जनता को यह बताना चाहिए कि जिस डबल डाउन बार में यह हत्याकांड हुआ, उसका मालिक भाजपा के व्यवसायिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक नीरज सिंह हैं।
पार्टी ने आरोप लगाया कि जिन लोगों पर इस जघन्य अपराध में संलिप्तता के आरोप लग रहे हैं, वे नीरज सिंह के संरक्षण में पनपे लोग बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मृतक युवकों का कसूर केवल इतना था कि उन्होंने महिलाओं से कथित छेड़छाड़ का विरोध किया था।
जेएमएम ने भाजपा से कई सवाल पूछे हैं। पार्टी ने जानना चाहा है कि नीरज सिंह को राजनीतिक संरक्षण क्यों दिया जा रहा है, प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद उनकी गिरफ्तारी की खुली मांग क्यों नहीं की जा रही और क्या संगठनात्मक प्रभाव के कारण उन्हें बचाने का प्रयास हो रहा है।
पार्टी का कहना है कि घटना के तुरंत बाद राज्य सरकार ने बिना किसी दबाव के त्वरित कार्रवाई की। डबल डाउन बार को सील किया गया, लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया और संबंधित जिलों के पुलिस अधीक्षकों को हटाया गया। जेएमएम ने दावा किया कि पूरे मामले की निगरानी स्वयं मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन कर रहे हैं और स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी प्रभावशाली व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास की टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए जेएमएम ने कहा कि यदि भाजपा नेताओं को वास्तव में पीड़ित परिवारों के लिए न्याय की चिंता है, तो उन्हें अपनी ही पार्टी से जुड़े उस पदाधिकारी के खिलाफ खुलकर बोलना चाहिए, जिसके प्रतिष्ठान में यह घटना हुई। केवल सरकार पर आरोप लगाने से नैतिक जिम्मेदारी समाप्त नहीं हो जाती।
पार्टी ने यह भी पूछा कि क्या भाजपा नीरज सिंह को पार्टी से निष्कासित करेगी और उनकी गिरफ्तारी की सार्वजनिक मांग करेगी, या फिर राजनीतिक संरक्षण का सिलसिला जारी रहेगा। जेएमएम ने कहा कि अपराधी का कोई दल, जाति या वर्ग नहीं होता और कानून सबके लिए समान है।
झारखंड मुक्ति मोर्चा ने राज्य की जनता को भरोसा दिलाया कि हिमांशु सिंह हत्याकांड के सभी दोषियों को कानून के मुताबिक कठोरतम सजा दिलाई जाएगी। चाहे आरोपी कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो या किसी भी राजनीतिक दल से उसका संबंध क्यों न हो, न्याय सुनिश्चित किया जाएगा और किसी को भी संरक्षण नहीं दिया जाएगा।
