RANCHI
झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुरुवार को खुद एन्यूमरेशन प्रपत्र भरकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया। उन्होंने राज्य के सभी पात्र मतदाताओं से निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने विवरण का सत्यापन कराने और एसआईआर प्रक्रिया पूरी करने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में निर्वाचन अधिकारियों की मौजूदगी में अपना एसआईआर प्रपत्र भरा और जमा किया। इस दौरान 64-हटिया विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या-290 की बीएलओ ने फॉर्म भरने की पूरी प्रक्रिया संपन्न कराई। मुख्यमंत्री की पत्नी और विधायक कल्पना सोरेन ने भी अपना एन्यूमरेशन प्रपत्र भरकर जमा किया।
‘मतदान का अधिकार सुरक्षित रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी‘
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि मतदान का अधिकार लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण ताकत है और इसे सुरक्षित रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि शुद्ध और अद्यतन मतदाता सूची स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया की आधारशिला होती है।
मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे समय पर अपना एसआईआर फॉर्म भरें और मतदाता सूची में दर्ज जानकारी का सत्यापन अवश्य कराएं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती नागरिकों की सक्रिय भागीदारी पर निर्भर करती है।
घर-घर पहुंच रहे हैं बीएलओ
राज्य में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित कर रहे हैं और मतदाताओं के विवरण का सत्यापन कर रहे हैं। इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को पूरी तरह अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि आगामी चुनावों में प्रत्येक पात्र नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके।
लोगों से दूसरों को भी प्रेरित करने की अपील
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी पात्र मतदाता इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और अपने परिवार, पड़ोस तथा समाज के अन्य लोगों को भी एसआईआर प्रक्रिया में शामिल होने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि व्यापक जनभागीदारी से ही लोकतांत्रिक व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।
इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रांची मंजूनाथ भजंत्री, अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत, ईआरओ-सह-एडीएम धनंजय, उप निर्वाचन पदाधिकारी विवेक कुमार सुमन तथा बीएलओ वेरोनिका देवी समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
