RANCHI
झारखंड सरकार के गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने राज्य की चार जेलों में कक्षपाल और महिला कक्षपाल के कुल 68 पदों पर संविदा आधारित भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया है। यह नियुक्तियां विशेष रूप से पूर्व सैनिकों और अर्द्धसैनिक बलों से सेवानिवृत्त जवानों के लिए की जा रही हैं, जिससे उन्हें रोजगार का नया अवसर मिल सके।
विभाग के अनुसार कुल 68 पदों में 60 पद पुरुष कक्षपाल और 8 पद महिला कक्षपाल के लिए निर्धारित हैं। सबसे अधिक नियुक्तियां बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा, होटवार (रांची) में होंगी, जहां 52 पुरुष और 4 महिला कक्षपालों की भर्ती की जाएगी। इसके अलावा मंडल कारा गुमला में 2 पुरुष और 1 महिला, मंडल कारा सिमडेगा में 4 पुरुष और 3 महिला तथा उपकारा खूंटी में 2 पुरुष कक्षपाल के पद शामिल हैं।
इन पदों के लिए इच्छुक अभ्यर्थियों का वॉक-इन-इंटरव्यू 4 जुलाई को आयोजित किया जाएगा। यह इंटरव्यू सुबह 8 बजे से बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा, होटवार परिसर, रांची में शुरू होगा। उम्मीदवारों को अपने सभी मूल प्रमाण पत्र और आवश्यक दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य होगा।
चयनित अभ्यर्थियों को 20,000 रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा, साथ ही प्रत्येक वर्ष संतोषजनक सेवा पूरी करने पर 8 प्रतिशत की वृद्धि का प्रावधान भी रहेगा। यह नियुक्ति प्रारंभिक रूप से एक वर्ष के अनुबंध पर होगी, जिसे आवश्यकता अनुसार बढ़ाया जा सकता है।
हालांकि, यदि इन पदों पर नियमित नियुक्ति होती है तो संविदा सेवा स्वतः समाप्त हो जाएगी। इसके अलावा संविदा कर्मियों को एक वर्ष में 20 दिन का क्षतिपूर्ति अवकाश और सरकारी कार्यों के दौरान यात्रा एवं दैनिक भत्ता भी दिया जाएगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि चयन प्रक्रिया में झारखंड के स्थानीय अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी।
