मिड-डे मील की राशि के मामले में 8 हजार की घूस लेते बीपीओ गिरफ्तार, ACBने रंगेहाथ पकड़ा


SIMDEGA

झारखंड के सिमडेगा जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) रांची की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए केरसई प्रखंड के शिक्षा विभाग में कार्यरत बीपीओ (ब्लॉक प्रोग्राम ऑफिसर) अनिल खलखो को 8 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को मंगलवार को उसके कार्यालय से गिरफ्तार किया गया। एसीबी की इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, केरसई थाना क्षेत्र के नवाटोली निवासी रंजीत खाखा ने एसीबी रांची में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि विद्यालय में मध्याह्न भोजन योजना के तहत अंडा और फलाहार मद की शेष राशि के उपयोग संबंधी प्रतिवेदन जमा करने के मामले में बीपीओ अनिल खलखो रिश्वत की मांग कर रहे थे।

आवेदन में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में संबंधित मद में खर्च के बाद करीब 33,426 रुपये शेष बचे थे। प्रतिवेदन जमा करने के दौरान बीपीओ ने कथित तौर पर 15 हजार रुपये रिश्वत की मांग की और राशि नहीं देने पर उच्च अधिकारियों को प्रतिकूल रिपोर्ट भेजने की धमकी दी। बाद में बातचीत के बाद 8 हजार रुपये देने पर सहमति बनी।

शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन कराया। जांच में रिश्वत मांगने के आरोप सही पाए गए। इसके बाद एसीबी थाना रांची में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर विशेष टीम गठित की गई।

मंगलवार को एसीबी की टीम ने जाल बिछाकर कार्रवाई की और बीपीओ अनिल खलखो को 8 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अपने साथ रांची ले जाया गया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। एसीबी अधिकारियों ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *