ट्यूशन के लिए निकली छात्रा रहस्यमय ढंग से लापता, परिजनों ने जताई अपहरण की आशंका

RANCHI

राजधानी रांची के सुखदेव नगर थाना क्षेत्र से एक स्कूली छात्रा के लापता होने का मामला सामने आया है। पहाड़ी टोला स्थित नासिरुद्दीन लेन की रहने वाली छात्रा ट्यूशन के लिए घर से निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। घटना के बाद परिजनों में चिंता का माहौल है और उन्होंने अपहरण की आशंका जताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

परिजनों के अनुसार, कक्षा आठ में पढ़ने वाली 14 वर्षीय अलीना 9 जून की शाम करीब पांच बजे ट्यूशन के लिए घर से निकली थी। निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी जब वह घर नहीं लौटी, तो परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों, दोस्तों और आसपास के इलाकों में खोजबीन की गई, लेकिन छात्रा का कोई पता नहीं चल सका।

छात्रा के पिता इमरोज ने सुखदेव नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए आशंका जताई है कि उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर कहीं ले जाया गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस आसपास के क्षेत्रों में छात्रा की तलाश कर रही है और उपलब्ध सुरागों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। हालांकि खबर लिखे जाने तक छात्रा का कोई सुराग नहीं मिल पाया था। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही छात्रा का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *