RANCHI
मौलाना आजाद कॉलोनी, कांटाटोली में बुधवार को अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित मायरा पॉलीक्लिनिक का भव्य उद्घाटन झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने किया। इस अवसर पर कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। समारोह में रांची के सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार, झारखंड वक्फ बोर्ड सदस्य एवं मौलाना आजाद ह्यूमेन इनिशिएटिव (MAHI) के संयोजक इबरार अहमद, शिक्षाविद, चिकित्सक, सामाजिक कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद थे।
कार्यक्रम की शुरुआत पवित्र कुरआन की तिलावत से हुई। इसके बाद पॉलीक्लिनिक के संस्थापक डॉ. ताबां रिजवी ने स्वागत भाषण में कहा कि मायरा पॉलीक्लिनिक केवल एक चिकित्सा संस्थान नहीं, बल्कि गरीब, मजदूर, मध्यमवर्गीय और जरूरतमंद परिवारों के लिए आशा और विश्वास का केंद्र है। उन्होंने कहा कि मौलाना आजाद कॉलोनी जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्र में लंबे समय से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी महसूस की जा रही थी। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए आधुनिक, सुलभ और किफायती स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस संस्थान की स्थापना की गई है।
“स्वास्थ्य सेवा हर नागरिक का अधिकार” : डॉ. इरफान अंसारी
मुख्य अतिथि स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि स्वास्थ्य किसी भी समाज की सबसे बड़ी पूंजी है और सरकार की प्राथमिकता गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि जब गरीब परिवारों को इलाज के लिए आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, तब ऐसी संस्थाओं का महत्व और बढ़ जाता है।
उन्होंने मायरा पॉलीक्लिनिक को मानव सेवा की दिशा में एक सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि यहां उपलब्ध आधुनिक जांच सुविधाएं, विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं और 24 घंटे आपातकालीन व्यवस्था क्षेत्र के हजारों लोगों को राहत प्रदान करेगी। उन्होंने संस्थापक डॉ. ताबां रिजवी और उनकी टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार ऐसे प्रयासों को सदैव प्रोत्साहित करेगी।
“स्वास्थ्य और विकास एक-दूसरे के पूरक” : शिल्पी नेहा तिर्की
कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि किसी भी समाज का विकास तभी संभव है जब उसके नागरिक स्वस्थ हों। उन्होंने कहा कि महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और वंचित वर्गों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना समय की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि मायरा पॉलीक्लिनिक में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, स्त्री रोग, बाल चिकित्सा तथा अन्य विशेषज्ञ सेवाओं की उपलब्धता से हजारों परिवारों को लाभ मिलेगा। उनके अनुसार यह संस्थान स्वास्थ्य सेवा के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता का भी केंद्र बनेगा।

“समय पर इलाज ही जीवन बचाता है” : डॉ. प्रभात कुमार
रांची के सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार ने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में समय का विशेष महत्व होता है। कई बार समय पर उपचार नहीं मिलने से मरीजों की स्थिति गंभीर हो जाती है। उन्होंने कहा कि मायरा पॉलीक्लिनिक जैसी संस्थाएं स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
उन्होंने बताया कि यहां आधुनिक डायग्नोस्टिक सुविधाएं, डिजिटल एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, ईसीजी, ईको तथा आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध हैं, जिससे स्थानीय लोगों को काफी सुविधा मिलेगी।
दो पुस्तकों का भी हुआ लोकार्पण
समारोह के दौरान प्रसिद्ध शिक्षाविद डॉ. मोहम्मद शहनवाज रिजवी की पुस्तक “दर्स व तदरीस का फन” तथा डॉ. अफसा निगार अजमल की पुस्तक “उर्दू गैर अफसानवी अदब का मुताला” का भी लोकार्पण किया गया। उपस्थित शिक्षाविदों ने इन पुस्तकों को शिक्षा और उर्दू साहित्य के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान बताया।
आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं से सुसज्जित केंद्र
मायरा पॉलीक्लिनिक में जनरल मेडिसिन, जनरल एवं लैप्रोस्कोपिक सर्जरी, स्त्री एवं प्रसूति रोग, बाल रोग, न्यूरोलॉजी, ऑर्थोपेडिक्स, ईएनटी, कार्डियोलॉजी और नेत्र चिकित्सा जैसी सेवाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसके अलावा अत्याधुनिक पैथोलॉजी, डिजिटल एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, ईसीजी, ईको, फिजियोथेरेपी, फार्मेसी और आपातकालीन सेवाओं की भी व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम का संचालन मुस्तकीम आलम ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन इंजीनियर कमरुल आरफीन ने प्रस्तुत किया। समारोह का समापन मीडिया संवाद और हाई-टी के साथ हुआ।
