भागलपुर में घूसखोरी पर एक्शन, SDM कार्यालय के 2 स्टॉफ घूस लेते रंगेहाथ दबोचे गए


70 हजार की घूस लेते पकड़े गए लिपिक और स्टेनो, निगरानी विभाग का बड़ा एक्शन



Bhagalpur


बिहार के भागलपुर में रिश्वतखोरी के खिलाफ निगरानी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए SDM कार्यालय के दो कर्मचारियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। लिपिक मयंक कुमार और स्टेनो प्रेम कुमार को ₹70 हजार की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया, जिससे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया।

सेवा संपुष्टि के नाम पर मांगी जा रही थी घूस

जानकारी के अनुसार, दोनों कर्मचारी एक व्यक्ति से सेवा संपुष्टि (कन्फर्मेशन) के नाम पर रिश्वत की मांग कर रहे थे। पीड़ित ने इसकी शिकायत निगरानी विभाग से की, जिसके बाद कार्रवाई की योजना बनाई गई।

निगरानी टीम ने पूरे मामले में जाल बिछाया और जैसे ही आरोपियों ने ₹70 हजार की राशि ली, उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया गया। टीम ने रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली है और दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

आगे की कार्रवाई जारी

गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। निगरानी विभाग इस मामले में आगे की जांच कर रहा है और अन्य संभावित कड़ियों को भी खंगाला जा रहा है।

इस कार्रवाई के बाद साफ संकेत गया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *