JEE Main का एडमिट कार्ड जारी, नई गाइडलाइन्स लागू; बिना आधार रजिस्ट्रेशन वाले एक घंटा पहले पहुंचेंगे



Kota

देश की सबसे बड़ी इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा JEE Main 2026 के अप्रैल सत्र के एडमिट कार्ड जारी कर दिए गए हैं। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने फिलहाल 2 और 4 अप्रैल को होने वाली परीक्षा के लिए ही एडमिट कार्ड जारी किए हैं, जबकि अन्य तिथियों के प्रवेश पत्र चरणबद्ध तरीके से जारी होंगे।

एडमिट कार्ड में दी गई अहम जानकारी

एडमिट कार्ड में परीक्षा केंद्र, शिफ्ट, समय और रिपोर्टिंग डिटेल्स दी गई हैं। इस बार छात्रों को एक विशेष बारकोड भी दिया गया है, जिससे उन्हें उनकी निर्धारित लैब की जानकारी मिलेगी। परीक्षा सुबह और दोपहर दो शिफ्ट में आयोजित की जाएगी, जिसमें एंट्री का समय सख्ती से निर्धारित किया गया है।

आधार बिना रजिस्ट्रेशन वालों के लिए खास निर्देश

NTA ने स्पष्ट किया है कि जिन छात्रों ने आधार कार्ड से रजिस्ट्रेशन नहीं किया है, उन्हें परीक्षा केंद्र पर कम से कम एक घंटा पहले पहुंचना होगा। इसका कारण बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन प्रक्रिया है, जिसमें अतिरिक्त समय लग सकता है। किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि में शामिल पाए जाने पर छात्र को 3 साल तक परीक्षा से प्रतिबंधित किया जा सकता है।

सख्त सुरक्षा और ड्रेस कोड लागू

परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है, जिसमें CCTV कैमरे और जैमर शामिल हैं। छात्रों को मोटे सोल वाले जूते और बड़े बटन वाले कपड़े पहनने से मना किया गया है। साथ ही, एडमिट कार्ड, वैध पहचान पत्र और जरूरी दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य है। परीक्षा के बाद रफ शीट और एडमिट कार्ड को निर्धारित ड्रॉप बॉक्स में जमा करना भी जरूरी होगा।

इन सख्त नियमों के साथ NTA ने परीक्षा को पारदर्शी और नकलमुक्त बनाने की दिशा में अहम कदम उठाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *