SIR: 5 अगस्त को आएगा ड्राफ्ट वोटर लिस्ट, 94.7% मतदाताओं की मैपिंग पूरी, सिर्फ 5.3% अन-मैप्ड



RANCHI

झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत राज्य में मतदाताओं की मैपिंग का कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बताया कि 5 अगस्त को मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशित किया जाएगा। इसके पहले चलाए गए विशेष अभियान के कारण अब केवल 5.3 प्रतिशत यानी 14,02,262 मतदाता ही अन-मैप्ड श्रेणी में बचे हैं।

उन्होंने बताया कि 23 मई 2026 को राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर 70,62,319 अन-मैप्ड मतदाताओं की सूची प्रकाशित की गई थी। इसके बाद व्यापक अभियान चलाकर 29 जुलाई तक, इन्यूमरेशन फेज शुरू होने से पहले यह संख्या घटकर 47,42,505 रह गई। इसके बाद बीएलओ, मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बीएलए-2 और स्वयंसेवकों के सहयोग से बड़े पैमाने पर मैपिंग का कार्य किया गया, जिससे अन-मैप्ड मतदाताओं की संख्या घटकर 14,02,262 रह गई।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग ने पिछली स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) की मतदाता सूची को सुपीरियर डॉक्यूमेंट माना है। जिन मतदाताओं की पिछली एसआईआर सूची से मैपिंग सही पाई गई है और जिनके रिकॉर्ड में कोई तार्किक विसंगति नहीं है, उन्हें ड्राफ्ट प्रकाशन के बाद अंतिम मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा। वहीं, अन-मैप्ड मतदाताओं का संबंधित ईआरओ (Electoral Registration Officer) स्तर पर सत्यापन कर उन्हें भी मतदाता सूची में जोड़ा जाएगा।

उन्होंने कहा कि 5 अगस्त को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद ऐसे सभी पात्र भारतीय नागरिक, जिनका नाम सूची में शामिल नहीं हो पाया है या जो नए मतदाता हैं, वे फॉर्म-6 और घोषणा पत्र भरकर अंतिम मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पिछली एसआईआर सूची से हुई मैपिंग एक महत्वपूर्ण दस्तावेज है और पात्र मतदाता 5 अगस्त के बाद फॉर्म-6 भरते समय इसका उपयोग कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *