लखनऊ सम्मेलन में 2027 को लेकर गरजे इमरान प्रतापगढ़ी, कहा- कांग्रेस अल्पसंख्यकों का अपना घर

Lucknow

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा नेहरू भवन लखनऊ में आयोजित अल्पसंख्यक समाज सम्मेलन में राज्यसभा सांसद एवं अखिल भारतीय कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष इमरान प्रतापगढ़ी ने विस्तृत और तीखा बयान देते हुए कहा कि “कांग्रेस ही अल्पसंख्यकों का अपना घर है और यह बात इतिहास, संघर्ष और कुर्बानियों से साबित होती है। आज देश एक ऐसे दौर से गुजर रहा है जहां नफरत की राजनीति को सुनियोजित तरीके से फैलाया जा रहा है, ताकि जनता के असली मुद्दों से ध्यान भटकाया जा सके।”

उन्होंने कहा कि “आज नौजवान बेरोजगारी से परेशान है, किसान संकट में है और महंगाई आसमान छू रही है, लेकिन इन मुद्दों पर बात करने के बजाय समाज को धर्म और जाति के नाम पर बांटने की कोशिश की जा रही है। भाजपा सरकार डर और नफरत की राजनीति कर रही है, लेकिन हिंदुस्तान की गंगा-जमुनी तहजीब को कोई खत्म नहीं कर सकता।”

इमरान प्रतापगढ़ी ने आगे कहा कि “यह देश संविधान से चलता है और कांग्रेस ने हमेशा संविधान की रक्षा की है। जब-जब इस देश पर खतरा आया, तब-तब कांग्रेस ने आगे बढ़कर लोकतंत्र और भाईचारे को बचाने का काम किया है। आज कुछ ताकतें संविधान को कमजोर करना चाहती हैं, लेकिन हम ऐसा नहीं होने देंगे। 2024 में जनता ने उनके घमंड को तोड़ा है और 2027 में उत्तर प्रदेश की जनता उन्हें पूरी तरह जवाब देगी।”

उन्होंने कांग्रेस की विरासत का जिक्र करते हुए कहा कि “मौलाना अबुल कलाम आजाद को देश का पहला शिक्षा मंत्री बनाना हो, डॉ. जाकिर हुसैन को राष्ट्रपति बनाना हो या डॉ. मनमोहन सिंह को प्रधानमंत्री बनाना—कांग्रेस ने हमेशा हर वर्ग को आगे बढ़ाने का काम किया है। इसी तरह कांग्रेस ने देश को कई मुस्लिम मुख्यमंत्री भी दिए हैं, जिनमें अब्दुल गफूर (बिहार), ए. आर. अंतुले (महाराष्ट्र) और मोहम्मद अलीमुद्दीन (असम) जैसे नाम शामिल हैं। यह इस बात का प्रमाण है कि पार्टी ने हमेशा अल्पसंख्यकों को नेतृत्व और प्रतिनिधित्व दिया है। इसलिए हम कहते हैं कि कांग्रेस आपका अपना घर है, यहां आप किराएदार नहीं बल्कि मालिक हैं।”

उन्होंने अल्पसंख्यक समाज से अपील करते हुए कहा कि “अब वक्त आ गया है कि आप अपनी सियासी ताकत को पहचानें, बिखराव छोड़ें और एकजुट होकर कांग्रेस को मजबूत करें। उत्तर प्रदेश की राजनीति देश की दिशा तय करती है और अगर यहां बदलाव होगा तो पूरे देश में उसका असर दिखेगा। नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलनी होगी और यही कांग्रेस का रास्ता है।”

इस मौके पर नव-नियुक्त उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक सुहैल अंसारी ने विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया।

सुहैल अंसारी ने कहा कि “उत्तर प्रदेश हमेशा देश की राजनीति को दिशा देता रहा है। अब समय आ गया है कि अल्पसंख्यक समाज अपनी ताकत पहचाने और एकजुट होकर कांग्रेस के साथ खड़ा हो। 2027 का चुनाव ऐतिहासिक होगा और इसमें अल्पसंख्यकों की निर्णायक भूमिका होगी। कांग्रेस ही वह पार्टी है जिसने हमेशा हमें सम्मान और भागीदारी दी है और आगे भी हमारे हक की लड़ाई मजबूती से लड़ती रहेगी।”

कार्यक्रम में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और प्रदेश भर से आए हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे। सम्मेलन में संगठन को मजबूत करने और 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर स्पष्ट संदेश दिया गया कि कांग्रेस जमीनी स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए पूरी तरह तैयार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *