टुसू की धूम से गूंजेगी राजधानी, 11 जनवरी को अल्बर्ट एक्का चौक बनेगा उत्सव का केंद्र

आयोजन को लेकर मोरहाबादी में हुई सामूहिक बैठक

Ranchi

राजधानी रांची में आयोजित होने वाले पारंपरिक और सांस्कृतिक पर्व ‘राजधानी टुसू महोत्सव–2026’ की तैयारियाँ तेज हो गई हैं। यह महोत्सव आगामी 11 जनवरी को अल्बर्ट एक्का चौक स्थित आरएमसी कार पार्किंग परिसर में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन झारखंडी भाषा खतियान संस्कृति समिति द्वारा किया जा रहा है।

महोत्सव की तैयारियों को लेकर आज मोरहाबादी मैदान में एक सामूहिक बैठक आयोजित की गई, जिसमें आयोजन को भव्य और आकर्षक बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में झारखंड की लोक-संस्कृति, परंपरा और आदिवासी–मुलवासी पहचान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।

बैठक की अध्यक्षता कर रहे डॉ. वीरेंद्र महतो ने बताया कि इस कार्यक्रम में डुमरी विधायक जयराम कुमार महतो मुख्य अतिथि के रूप में जबकि रांची लोकसभा के पूर्व प्रत्याशी देवेंद्रनाथ महतो विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष टुसू महोत्सव में टुसू प्रतिमा प्रदर्शनी, पारंपरिक नृत्य एवं संगीत, लोक कलाकारों की प्रस्तुतियाँ, झारखंडी व्यंजन के स्टॉल और सांस्कृतिक झांकियाँ प्रमुख आकर्षण का केंद्र होंगी। महोत्सव में राजधानी रांची सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिलाएं, युवतियां और लोक कलाकार भाग लेंगे।

आयोजन समिति की ओर से कार्यक्रम के सुचारू संचालन को लेकर प्रशासन को आवश्यक सूचना दे दी गई है। वहीं बैठक के बाद देवेंद्रनाथ महतो ने राजधानीवासियों और झारखंडवासियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस पारंपरिक पर्व में शामिल होकर टुसू परंपरा और झारखंड की लोक-संस्कृति के संरक्षण में भागीदार बनें

आज की बैठक में देवेंद्रनाथ महतो, डॉ. वीरेंद्र महतो, राजीव तुलसी, रेखा महतो, गोरी लकड़ा, चंदन रजक, अशोक खालको, रिहान अंसारी, गुलाब सिंह, पंचम एक्का, माहतम खलको, योगेश भारती, रविंद्र दीपक सहित कई संस्कृति प्रेमी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *