NEW DELHI
कांग्रेस के अल्पसंख्यक विभाग की महत्वपूर्ण बैठक में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को जनता से जुड़े मुद्दों पर मुखर होकर काम करने का आह्वान किया। कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष इमरान प्रतापगढ़ी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में नौ राज्यों के जिला अध्यक्ष शामिल हुए। इंदिरा भवन में आयोजित ‘संवाद’ कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और जनसरोकार के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने पर जोर दिया।
बैठक के दौरान राहुल गांधी ने बेरोजगारी, महंगाई, किसानों और गरीबों की समस्याओं को देश के प्रमुख मुद्दे बताते हुए कार्यकर्ताओं से इन्हें आम लोगों तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि छात्रों से जुड़े मुद्दों और हाल में शुरू किए गए ‘छात्रों की गूंज’ अभियान को भी व्यापक स्तर पर ले जाने की जरूरत है, ताकि युवाओं की आवाज देशभर में सुनी जा सके।
राहुल गांधी ने अल्पसंख्यक समुदायों के संदर्भ में कहा कि किसी भी वर्ग के साथ अन्याय होने पर उसे स्पष्ट रूप से पहचानना और उसके पक्ष में खड़ा होना कांग्रेस की विचारधारा का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि संविधान सभी नागरिकों को समान अधिकार देता है और पार्टी को उसी भावना के साथ काम करना चाहिए।
कार्यक्रम में राहुल गांधी ने संगठन के जिला स्तर के पदाधिकारियों को सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश देते हुए कहा कि यदि संगठन के भीतर किसी प्रकार की बाधा आती है तो वे सीधे अपनी बात रख सकते हैं। बैठक में कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने तथा जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देने पर विशेष चर्चा हुई।
