RANCHI
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने संगठन को अधिक जवाबदेह और कार्यकर्ता-केंद्रित बनाने की दिशा में शिकायत निवारण सेल का गठन किया है। प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के स्थायी आमंत्रित सदस्य एवं झारखंड प्रभारी के. राजू के निर्देश पर इस सेल का गठन किया। इसकी जानकारी प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने दी।
शिकायत निवारण सेल में नरेंद्र लाल गोपी, जितेंद्र त्रिवेदी, राजेश चंद्र राजू और इस्तियाक अहमद टूनू को सदस्य बनाया गया है। यह सेल राज्यभर के जिलों और प्रखंडों से प्राप्त शिकायतों का संकलन कर उन्हें संबंधित प्रदेश पदाधिकारियों तक पहुंचाएगा तथा उनके त्वरित निष्पादन और आवश्यक समन्वय की जिम्मेदारी निभाएगा।
शिकायतों की मॉनिटरिंग और फॉलो-अप पर रहेगा जोर
प्रदेश कांग्रेस के अनुसार, यह सेल शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग और फॉलो-अप भी करेगा, ताकि संगठन स्तर पर आने वाली समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके। इसके माध्यम से कार्यकर्ताओं और संगठन के बीच संवाद व्यवस्था को और मजबूत बनाने का प्रयास किया जाएगा।
संगठन के प्रति निष्ठा और जवाबदेही निभाने की अपेक्षा
प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने मनोनीत सदस्यों से संगठन के प्रति पूर्ण निष्ठा, अनुशासन और जवाबदेही के साथ दायित्व निभाने की अपेक्षा जताई। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि शिकायत निवारण सेल के गठन से कार्यकर्ताओं की समस्याओं का प्रभावी समाधान होगा और संगठनात्मक कार्यों में पारदर्शिता तथा समन्वय को नई मजबूती मिलेगी।
