DEOGHAR
राजकीय श्रावणी मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग लगातार सघन जांच अभियान चला रहा है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया के निर्देश पर गठित टीमों ने होटल, रेस्टोरेंट, मिठाई दुकानों, चाट विक्रेताओं और खाद्य भंडारण स्थलों का औचक निरीक्षण किया। मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब (MFTL) के माध्यम से खाद्य पदार्थों की मौके पर जांच की गई और संदिग्ध नमूने भी एकत्र किए गए।
जांच के दौरान मोहनपुर के घोरमारा स्थित ओम जी पेड़ा शॉप में पेड़ा बनाने के लिए रखा गया करीब 1,060 किलोग्राम खोया संदिग्ध पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत पूरी खेप को मौके पर ही सील कर दिया गया। विभाग ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जांच रिपोर्ट आने तक इस सामग्री का उपयोग या बिक्री नहीं की जाएगी।
इसके अलावा मधुबन होटल, माधुरी होटल, सिंध होटल, होटल नीलकमल, कार्तिक फूड प्लाजा, कामधेनु होटल, रूफ टॉप रेस्टोरेंट, विक्रम चाट भंडार, वेदा इन-द विंटेज, होटल राज और बसुकी पकौड़ी चाट सहित कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। जांच में रूफ टॉप रेस्टोरेंट के हल्दी पाउडर, विक्रम चाट भंडार की चाट और बसुकी पकौड़ी चाट की घुघनी में प्रतिबंधित रंग मेटानिल येलो की मिलावट पाई गई। वहीं, एक किलो एक्सपायरी सूजी और करीब पांच किलो पकौड़ी को जब्त कर मौके पर ही नष्ट कराया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि मिलावटी, असुरक्षित या एक्सपायरी खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण और बिक्री करने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
