झारखंड विधानसभा में रक्तदान शिविर, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्वयं रक्त देकर दिया ये मैसेज


RANCHI


झारखंड विधानसभा परिसर स्थित औषधालय में सोमवार को स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का शुभारंभ मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्वयं रक्तदान कर किया। उन्होंने रक्तदान को मानवता की सेवा से जुड़ा महान कार्य बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से इसमें भाग लेने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्तदान एक ऐसा पुण्य कार्य है, जिससे कई जरूरतमंदों को जीवनदान मिलता है। उन्होंने विधानसभा के सभी सदस्यों, अधिकारियों और कर्मचारियों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया। साथ ही समाज के सभी वर्गों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील भी की।

इस अवसर पर झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रबींद्रनाथ महतो, कई मंत्री, विधायक तथा विधानसभा के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने उत्साह के साथ रक्तदान शिविर में हिस्सा लिया और इस पहल को जनसेवा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

कार्यक्रम के दौरान रक्तदान के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया और लोगों को जागरूक करने के लिए ऐसे शिविर नियमित रूप से आयोजित करने की बात कही गई। आयोजन में मौजूद जनप्रतिनिधियों और कर्मचारियों ने इसे सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *