सरकारी आईटीआई हेहल परिसर में जॉब फेयर, 18 कंपनियां शामिल, सैकड़ों अभ्यर्थियों को अवसर
RANCHI
श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के तत्वावधान में अवर प्रादेशिक नियोजनालय-सह-मॉडल कैरियर सेंटर, सर्कुलर रोड रांची द्वारा सरकारी आईटीआई हेहल परिसर में रोजगार मेला-2026 का आयोजन किया गया। इस रोजगार मेले में कुल 18 नियोजक कंपनियों ने भाग लिया और बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान किए गए।
रोजगार मेले में प्रमुख रूप से प्रेमसंस होंडा रांची, मॉरिश फूड्स लिमिटेड कोकर, रानी हॉस्पिटल रांची, होराइजन कार्स एलएलपी किया, अकारयो इंडिया लालपुर, वर्सन सिक्योरिटी सर्विस, उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक, राज हॉस्पिटल रांची और मुथुट माइक्रोफिन लिमिटेड रातू रोड सहित कई कंपनियां शामिल हुईं।
इस मेले में करीब 825 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। इनमें से 125 उम्मीदवारों का चयन कर उन्हें मौके पर ही ऑफर लेटर दिया गया, जबकि 380 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया, जिन्हें आगे की चयन प्रक्रिया के लिए बुलाया जाएगा।
रोजगार मेले का आयोजन सहायक निदेशक निशिकांत मिश्र और नियोजन पदाधिकारी राजेश कुमार के मार्गदर्शन में किया गया। इसके सफल संचालन में योगेश पारखे, रंजीत कुमार मंडल और राजीव ठाकुर सहित नियोजन कार्यालय तथा आईटीआई के अधिकारियों और कर्मचारियों की अहम भूमिका रही।
इस रोजगार मेले के माध्यम से युवाओं को अपने करियर को नई दिशा देने का अवसर मिला। नियोजन विभाग की ओर से समय-समय पर ऐसे रोजगार मेला और भर्ती शिविर आयोजित किए जाते हैं, ताकि पंजीकृत बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें।
विभाग के अनुसार झारनियोजन पोर्टल के माध्यम से नियोजक अपनी रिक्तियां प्रकाशित कर सकते हैं, जिन्हें पोर्टल पर पंजीकृत अभ्यर्थी देख सकते हैं और ऑनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं। इसी प्लेटफॉर्म के जरिए कंपनियां अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट करने, साक्षात्कार लेने और चयन की प्रक्रिया भी ऑनलाइन पूरी कर सकती हैं।
