Chhapra
छपरा के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में रविवार सुबह अवैध बालू खनन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची खनन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम पर बालू माफियाओं ने हमला कर दिया। घटना जगदम कॉलेज ढाला के समीप हुई, जहां 15–20 की संख्या में मौजूद हमलावरों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से टीम पर हमला बोल दिया तथा सरकारी वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया।
हमले में खनन विभाग के निरीक्षक प्रदीप कुमार सहित कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। जानकारी के अनुसार सुबह एक बालू लदे ट्रक के गुजरने की सूचना मिलने पर खनन विभाग की टीम पुलिस बल के साथ स्कॉर्पियो वाहन से उसका पीछा करते हुए जगदम कॉलेज ढाला तक पहुंची थी। इसी दौरान पहले से घात लगाए माफियाओं ने टीम को चारों ओर से घेरकर अचानक हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावरों ने वाहन के शीशों और बॉडी पर लगातार प्रहार किए, जिससे स्कॉर्पियो को भारी नुकसान पहुंचा। अचानक हुए हमले से टीम को कुछ समय तक संभलने का मौका नहीं मिला और कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। बताया जा रहा है कि इस दौरान महिला पुलिसकर्मियों को भी चोटें आई हैं।
हमले के बाद आरोपी बालू लदे ट्रैक्टर लेकर बीन टोलिया गांव की ओर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और दोषियों की जल्द पहचान कर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध बालू खनन और उससे जुड़े अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
