RANCHI
राज्य में नगरपालिका (आम) निर्वाचन-2026 के तहत आज 48 शहरी निकाय क्षेत्रों में मतदान जारी है। दोपहर 1 बजे तक प्राप्त आंकड़ों के अनुसार रांची नगर निगम क्षेत्र में 24.90 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है, जबकि बुंडू नगर पंचायत में 39.77 प्रतिशत वोटिंग हुई है।
इस चुनाव में कुल 43 लाख 33 हजार 574 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 22 लाख 07 हजार 203 पुरुष, 21 लाख 26 हजार 227 महिला और 144 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक हो रहा है।
गैर दलीय आधार पर हो रहे इस चुनाव में मतदाता मेयर और पार्षद पद के लिए वोट डाल रहे हैं। मेयर के लिए गुलाबी रंग का और पार्षद के लिए सफेद रंग का बैलेट पेपर इस्तेमाल किया जा रहा है। इस बार नोटा का प्रावधान नहीं रखा गया है।
राज्य में कुल 48 नगर निकायों में 9 नगर निगम, 20 नगर परिषद और 19 नगर पंचायत शामिल हैं। 1087 वार्डों के 4304 बूथों पर बैलेट पेपर के जरिए एक ही दिन मतदान कराया जा रहा है।
मतदाताओं की पहचान के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी मतदाता पहचान पत्र के अलावा 12 अन्य मान्य फोटो पहचान पत्रों को भी स्वीकृति दी गई है। Jharkhand State Election Commission के अनुसार, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।
मतदान को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने संबंधित नगर निकाय क्षेत्रों में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। यह अवकाश परक्राम्य लिखत अधिनियम, 1881 की धारा 25 के तहत घोषित किया गया है, ताकि अधिक से अधिक मतदाता निर्भय होकर मतदान कर सकें।
मतदान संपन्न होने के बाद 27 फरवरी को मतगणना की जाएगी। निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने घरों से निकलकर लोकतंत्र के इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित करें।
