घने कोहरे में हादसा: लखीमपुर की बसंतापुर पुलिया पर ऑटो पलटा, 3 बच्चों की जान गई

धार्मिक जलसे से लौट रहा था परिवार, एक ही घर के नौ लोग सवार; छह की हालत गंभीर

Lakhimpur Kheri

जिले में शनिवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। घने कोहरे के बीच बसंतापुर पुलिया के पास एक ऑटो रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में तीन मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक, धौरहरा कस्बे में कारी समुद्दीन के मदरसे में आयोजित जलसे में शामिल होने के बाद खमरिया थाना क्षेत्र के ऊंचगांव निवासी एक ही परिवार के नौ लोग ऑटो से लौट रहे थे। रात करीब 12 बजे बसंतापुर पुलिया के पास अचानक ऑटो पलट गया।

ऑटो में किस्मतुन पत्नी वारिस, उनकी बेटियां साकिया, सादिया और निदा, अकील व इसराइल उर्फ जीसान पुत्र वारिस, खुशबू, अबू तालिब पुत्र वारिस और अजरा पुत्री रिजवान सवार थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और सभी घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी धौरहरा भेजा गया। वहां डॉक्टरों ने 12 वर्षीय खुशबू, 5 वर्षीय अबू तालिब और 2 वर्षीय अजरा को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल लखीमपुर रेफर कर दिया गया है।

तीनों बच्चों की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। गांव में शोक की लहर है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *