उत्तराखंड: शादी से लौट रही बस बनी मौत का कुआं, पहाड़ी से गिरी गहरी खाई में; 13 की गई जान

Pithoragarh

उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले से सटे नेपाल के बैतडी क्षेत्र में गुरुवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बारातियों से भरी बस पुरचूंणी नगरपालिका-7 के बड़गांव मोड़ के पास अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में 13 लोगों की जान चली गई, जबकि 34 लोग घायल बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, बस भवने गांव से दुल्हन को लेकर बजांग जिले के सुनकुडा जा रही थी। इसी दौरान पहाड़ी मोड़ पर चालक नियंत्रण खो बैठा और बस सीधे गहरी खाई में समा गई। अंधेरे और दुर्गम इलाके के कारण राहत कार्य में काफी मुश्किलें आईं।

नेपाल पुलिस, एपीएफ और स्थानीय ग्रामीणों ने मिलकर रात में ही रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। घटनास्थल पर 6 लोगों की मौत हो गई थी। बाद में 5 घायलों ने डडेलधुरा अस्पताल में और 2 ने कोटिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

घायलों में 25 का इलाज डडेलधुरा अस्पताल में चल रहा है, जबकि 5 गंभीर रूप से घायल लोगों को धनगढी रेफर किया गया है। कई की स्थिति नाजुक बनी हुई है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस में तय क्षमता से अधिक लोग सवार थे। साथ ही पहाड़ी चढ़ाई पर वाहन का संतुलन बिगड़ने की बात कही जा रही है। पुलिस ने बस चालक वीरेंद्र बुढा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

इस दर्दनाक हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। सीमावर्ती इलाके में शोक का माहौल है और दोनों देशों के प्रशासनिक अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *