NTA ने जारी किया UGC-NET रिज़ल्ट, 54,713 उम्मीदवार असिस्टेंट प्रोफेसर व PhD के लिए योग्य

NEW DELHI

राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने UGC-NET दिसंबर 2025 परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है। परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी अपना रिज़ल्ट और स्कोरकार्ड NTA की आधिकारिक वेबसाइट ugcnet.nta.nic.in पर देख सकते हैं।

NTA द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, इस बार कुल 5,108 उम्मीदवार जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF) और असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए चयनित हुए हैं। वहीं 54,713 अभ्यर्थी असिस्टेंट प्रोफेसर एवं पीएचडी में प्रवेश के लिए योग्य पाए गए हैं, जबकि 1,17,058 उम्मीदवार केवल पीएचडी के लिए पात्र घोषित किए गए हैं।

UGC-NET परीक्षा देशभर के 283 शहरों के 663 परीक्षा केंद्रों पर कंप्यूटर आधारित (CBT) मोड में आयोजित की गई थी। परीक्षा 85 विषयों के लिए 6 दिनों में 11 शिफ्टों में संपन्न हुई।

एनटीए के अनुसार, इस परीक्षा के लिए कुल 9,93,702 उम्मीदवारों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 7,35,614 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। पंजीकृत उम्मीदवारों में 58.91% महिलाएं, 41.08% पुरुष और 0.01% थर्ड जेंडर अभ्यर्थी शामिल रहे।

परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए NTA ने प्रश्नपत्र, प्रोविजनल आंसर-की और अभ्यर्थियों की रिकॉर्डेड प्रतिक्रियाएं वेबसाइट पर उपलब्ध कराई थीं। प्राप्त आपत्तियों का निपटारा विषय विशेषज्ञों द्वारा किया गया।

निष्पक्ष परीक्षा संचालन के लिए कंट्रोल रूम, वर्चुअल ऑब्ज़र्वर, CCTV कैमरे और मोबाइल नेटवर्क जैमर जैसी व्यवस्थाएं भी की गई थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *