सात दिन बाद भी सुराग नहीं, परिजन चिंतित और व्यवसायी वर्ग भयभीत
Ranchi
जदयू ने जमशेदपुर के युवा उद्यमी कैरव गांधी को जल्द से जल्द सकुशल बरामद करने की मांग की है। पार्टी के प्रवक्ता सागर कुमार ने कहा कि धुर्वा के अंश-अंशिका और ओरमांझी के कन्हैया को पुलिस ने दिन-रात एक कर ढूंढ निकाला, जो प्रशंसनीय है। कैरव गांधी के मामले में भी पुलिस से उसी तत्परता की अपेक्षा है।
सागर कुमार ने बताया कि विधायक सरयू राय ने कैरव गांधी के अपहरण में किसी अंतर्राज्यीय गिरोह की संलिप्तता की आशंका जताते हुए गृह मंत्री अमित शाह से केंद्रीय एजेंसियों को सक्रिय करने का आग्रह किया है।
उन्होंने कहा कि घटना के सात दिन बीत जाने के बावजूद कैरव गांधी का कोई सुराग नहीं मिल पाया है, जिससे परिजन गहरे मानसिक दबाव में हैं। वहीं व्यवसायी वर्ग में भी निराशा और भय का माहौल है।
जदयू प्रवक्ता ने मांग की कि डीजीपी स्वयं इस मामले में व्यक्तिगत रुचि लेते हुए शीघ्र अपहरण कांड का उद्भेदन करें और पीड़ित परिवार को राहत दिलाएं।
