महाराष्ट्र निकाय चुनाव जीत का जश्न झारखंड भाजपा दफ्तर में, आदित्य साहू ने कहा- यहां भी निकायों में लहराएगा परचम

RANCHI

महाराष्ट्र नगर निगम चुनाव में भाजपा–एनडीए की ऐतिहासिक जीत पर भाजपा प्रदेश कार्यालय में जश्न का माहौल रहा। ढोल–नगाड़ों, पटाखों और मिठाइयों के साथ पार्टी कार्यकर्ताओं ने जीत का उत्सव मनाया। इस अवसर पर प्रदेश और रांची महानगर के सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

मीडिया से बातचीत में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू ने महाराष्ट्र की जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति जनता के बढ़ते विश्वास की जीत है। मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत का रथ गांव और शहर—दोनों को सशक्त बनाते हुए आगे बढ़ रहा है।

आदित्य साहू ने कहा कि झारखंड की जनता विकास के लिए तरस रही है और आने वाले दिनों में भाजपा न केवल बंगाल और असम विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करेगी, बल्कि झारखंड नगर निकाय चुनाव में सभी 48 सीटों पर भाजपा कार्यकर्ता विजय हासिल करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निकायों की जनता मौजूदा राज्य सरकार से ऊब चुकी है।

पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि देश की जनता विकास चाहती है और सबका साथ, सबका विकास का संकल्प भाजपा और एनडीए ही पूरा कर सकते हैं। वहीं प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि देशभर में भगवा लहर है और जनता कांग्रेस व विपक्ष को मौका नहीं देना चाहती।

कार्यक्रम में पार्टी के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल, विधायक सीपी सिंह, प्रदेश मंत्री गणेश मिश्र सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *