RANCHI
दिशोम गुरु शिबू सोरेन की 82वीं जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं विधायक कल्पना सोरेन ने रांची स्थित चेशायर होम पहुंचकर दिव्यांग बच्चों के साथ समय बिताया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों से आत्मीय बातचीत की और उनके बीच कंबल व आवश्यक सामग्री का वितरण किया।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि यह पहला अवसर है जब बाबा दिशोम गुरु शिबू सोरेन की जयंती उनके बिना मनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि गुरुजी का संघर्ष, त्याग और बलिदान झारखंड राज्य के निर्माण की प्रेरणा रहा है और उनके विचार सदैव कमजोर, पिछड़े और आदिवासी समाज के उत्थान का मार्ग दिखाते रहेंगे।
मुख्यमंत्री ने चेशायर होम से अपने भावनात्मक जुड़ाव का जिक्र करते हुए कहा कि वे अक्सर यहां आते रहे हैं। उन्होंने संस्था की व्यवस्था और सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि यहां के दिव्यांग बच्चों की शक्ति, प्रतिभा और आत्मविश्वास किसी से कम नहीं है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने चेशायर होम को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया और नववर्ष की शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार दिव्यांगजन कल्याण के क्षेत्र में लगातार सार्थक प्रयास कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान विधायक कल्पना सोरेन ने भी बच्चों से संवाद किया, उनका उत्साहवर्धन किया और संस्था द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना की।
