RANCHI
झारखंड पुलिस एसोसिएशन की रांची जिला शाखा ने डुमरी विधायक जयराम कुमार महतो पर बरवाअड्डा थाना प्रभारी के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करने, गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप लगाया है। एसोसिएशन ने इस मामले में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर विधायक और अन्य आरोपियों की पांच दिनों के अंदर गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग का समर्थन किया है।
एसोसिएशन की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि 21 अगस्त 2026 की रात डुमरी विधानसभा के विधायक ने अपने मोबाइल नंबर से बरवाअड्डा थाना प्रभारी पुअनि रवि कुमार को वाट्सएप कॉल किया। आरोप है कि कॉल के दौरान उनके साथ अभद्र तरीके से गाली-गलौज और अमर्यादित भाषा का प्रयोग करते हुए धमकी दी गई।
पत्र के अनुसार, विधायक ने कहा कि सरकार को बदलने दो, झारखंड के जिस थाने में रहोगे, तुम्हें खोजकर तुम्हारी नौकरी बर्बाद कर दूंगा तथा ऑफ ड्यूटी रहने पर सबक सिखाऊंगा।
इसके बाद देर रात डुमरी विधायक अपने समर्थकों के साथ बरवाअड्डा थाना पहुंचे। एसोसिएशन के अनुसार, थाना प्रभारी के कार्यालय कक्ष में फिर से अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया। आरोप है कि विधायक और उनके समर्थकों ने थाना प्रभारी की टेबल पर रखे सामानों को तितर-बितर कर दिया और नाम पट्टिका भी तोड़ दी। इस संबंध में बरवाअड्डा थाना, धनबाद में मामला दर्ज किया गया है।
एसोसिएशन ने अपने पत्र में यह भी कहा है कि विधायक जयराम कुमार महतो लगातार सोशल मीडिया और प्रेस के माध्यम से पुलिसकर्मियों के प्रति अमर्यादित भाषा का प्रयोग करते हुए वीडियो जारी कर रहे हैं। एसोसिएशन का आरोप है कि उनके द्वारा लगातार तथ्य से परे बयान दिए जा रहे हैं, जिससे वर्दीधारियों के सम्मान और गरिमा को ठेस पहुंच रही है।
पुलिस एसोसिएशन ने कहा कि संवैधानिक पद पर बैठे और संविधान के मंदिर में बैठने वाले व्यक्ति का ऐसा आचरण झारखंड पुलिस एसोसिएशन और उसके सदस्यों को पीड़ा पहुंचा रहा है।
पांच दिनों में गिरफ्तारी की मांग
एसोसिएशन के अनुसार, बरवाअड्डा थाना कांड संख्या 146/26, दिनांक 22 अगस्त 2026 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 221/224/132/351(2)/352/3(5) के तहत मामला दर्ज है। झारखंड पुलिस एसोसिएशन के केंद्रीय कार्यालय ने इस मामले में विधायक जयराम कुमार महतो एवं अन्य अभियुक्तों की पांच दिनों के अंदर गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की है। इसके लिए सभी आवश्यक प्रक्रियाएं अविलंब पूरी करने की मांग की गई है। रांची जिला शाखा ने केंद्रीय कार्यालय की इस मांग का पूर्ण समर्थन किया है।


