RANCHI
दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर उनकी जनसेवा, संघर्ष और मानवता के प्रति समर्पित जीवन को श्रद्धांजलि देने के लिए 4 अगस्त 2026 (मंगलवार) को रांची समाहरणालय में एक दिवसीय रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर पूर्वाह्न 11:00 बजे से समाहरणालय परिसर के ब्लॉक ‘A’, प्रथम तल स्थित कक्ष संख्या-108 में आयोजित होगा।
जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने समाहरणालय के सभी विभागों के कार्यालय प्रधानों, पदाधिकारियों और कर्मियों से स्वेच्छा से रक्तदान करने तथा अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को भी इस मानवीय अभियान से जोड़ने की अपील की है। उन्होंने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद के लिए जीवनदान के समान है और दिशोम गुरु शिबू सोरेन को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब अधिक से अधिक लोग इस सेवा कार्य में भागीदारी निभाएं।
उपायुक्त ने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने अपना पूरा जीवन गरीबों, वंचितों और आदिवासी समाज के अधिकार, सम्मान और कल्याण के लिए समर्पित किया। उनका संघर्ष, त्याग और जनसेवा का भाव आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा। उन्होंने कहा कि उनकी प्रथम पुण्यतिथि पर रक्तदान जैसे सामाजिक कार्य के माध्यम से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करना समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी का भी प्रतीक है।
जिला प्रशासन ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और इच्छुक लोगों से रक्तदान शिविर में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए कहा है कि यह पहल जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी।
