RANCHI
झारखंड सरकार की पहल से सिमडेगा की रहने वाली प्रीति कुजूर की ओमान से सुरक्षित वापसी सुनिश्चित हुई है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर श्रम विभाग, झारखंड माइग्रेंट कंट्रोल रूम और मस्कट स्थित भारतीय दूतावास के समन्वित प्रयासों से प्रीति की स्वदेश वापसी संभव हो सकी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार झारखंड की बेटियों की सुरक्षा और सम्मान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं और प्रीति कुजूर 2 अगस्त को अपने घर सिमडेगा पहुंचेंगी।
सरकार ने इस पूरी प्रक्रिया में सहयोग करने वाले श्रम विभाग, झारखंड माइग्रेंट सेल और मस्कट स्थित भारतीय दूतावास की भूमिका की सराहना की है। यह पहल विदेशों में कार्यरत झारखंड के नागरिकों की सुरक्षा और सहायता के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है।
