RANCHI
संथाली फिल्म “आंगेन (Angen)” के लिए 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में ‘सर्वश्रेष्ठ नवोदित निर्देशक’ (Best Debut Film of a Director) का प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त होने पर रवि राज मुर्मू को एफटीआईआई एलुमनाई एसोसिएशन की ओर से बधाई एवं शुभकामनाएँ दी गईं। मौके पर सदस्यों ने कहा, रवि राज मुर्मू की यह उपलब्धि झारखंड सिनेमा में नई और प्रामाणिक आवाज़ों की शक्ति का सशक्त उदाहरण है। उन्होंने अपनी फिल्म के माध्यम से आदिवासी समाज की सांस्कृतिक समृद्धि, मानवीय संवेदनाओं और मौलिक कथाओं को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया है। यह सम्मान न केवल उनकी सृजनात्मक प्रतिभा और समर्पण का गौरवपूर्ण प्रमाण है, बल्कि भारतीय सिनेमा में आदिवासी भाषाओं की बढ़ती प्रतिष्ठा को भी रेखांकित करता है।

प्रामाणिक सिनेमा के निर्माण के लिए प्रेरित करेगी
एफटीआईआई एलुमनाई एसोसिएशन के अध्यक्ष सेराल मुर्मू ने कहा कि रवि राज मुर्मू की यह उपलब्धि राज्यभर के युवा फिल्मकारों को सार्थक, मौलिक और सांस्कृतिक रूप से प्रामाणिक सिनेमा के निर्माण के लिए प्रेरित करेगी। एसोसिएशन के सचिव प्रिन्सी संदीप लकड़ा ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उन्हें विश्वास है कि रवि राज मुर्मू आने वाले वर्षों में भी अपनी सृजनात्मक दृष्टि, उत्कृष्ट फिल्म निर्माण और भारतीय सिनेमा के प्रति समर्पण के माध्यम से झारखंड तथा भारतीय सिनेमा को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाते रहेंगे। बता दें कि पिछले दिनों रवि राज मुर्मू को सीएम हेमंत सोरेन ने भी सम्मानित किया है।
