जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषा मंच का नया कैलेंडर जारी, 26 को बहुभाषी लोकगीत उत्सव; सीमा खाखा को मिली ये जिम्मेदारी

RANCHI

जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषा विकास मंच की आभासी बैठक मंगलवार को  सीमा खाखा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में मंच के अध्यक्ष डॉ. वीरेंद्र कुमार महतो भी उपस्थित रहे, किंतु नेटवर्क संबंधी समस्या के कारण वे अधिक समय तक बैठक में शामिल नहीं रह सके। मंच के उपाध्यक्ष डॉ. संजय कुमार तिर्की ने बैठक में सक्रिय रूप से भाग लिया।

बैठक में मंच की बहुभाषी पत्रिका “सबरंग झारखंड” के प्रकाशन का भी निर्णय लिया गया। पत्रिका के संपादक मंडल में मंच से जुड़ी झारखंड की नौ भाषाओं के प्रतिनिधि शामिल होंगे। पत्रिका में भाषाई विषयों के साथ-साथ झारखंड की संस्कृति, लोक साहित्य एवं परंपराओं को भी स्थान दिया जाएगा। पत्रिका के लिए इस बार शोध आलेख का विषय “झारखंडी (नौ भाषाओं) का उद्भव और विकास” निर्धारित किया गया है। इसके अतिरिक्त संबंधित भाषाओं में गीत, कविता, कहानी आदि भी आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक रचनाकार 15 जुलाई तक अपनी रचनाएँ भेज सकते हैं। पत्रिका के पंजीकरण संबंधी कार्यों की जानकारी डॉ. संजय कुमार तिर्की अपने स्तर से प्राप्त करेंगे, जबकि विज्ञापन की जिम्मेदारी सीमा खाखा को सौंपी गई।

बैठक में मंच द्वारा नया कार्यक्रम कैलेंडर जारी किया गया, जिसके अनुरूप आगामी सभी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पिछले कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए हूल दिवस सह लाको बोदरा पुण्यतिथि कार्यक्रम को सफल बताया गया। साथ ही निर्णय लिया गया कि भविष्य में प्रत्येक कार्यक्रम की तैयारी कम-से-कम दस दिन पूर्व से प्रारंभ कर दी जाएगी।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सत्य भारती परिसर में दो सभागार होने के कारण प्रतिभागियों को होने वाली असुविधा से बचने के लिए भविष्य में सभी आमंत्रण पत्रों एवं पोस्टरों में कार्यक्रम स्थल के साथ-साथ संबंधित फ्लोर का भी स्पष्ट उल्लेख किया जाएगा।

मंच द्वारा 26 जुलाई को बहुभाषी लोकगीत उत्सव आयोजित करने का निर्णय लिया गया। हो भाषा की जिम्मेदारी सचिव (एक्सटर्नल अफेयर्स) विकी मिंज तथा खोरठा भाषा की जिम्मेदारी डॉ. अमित चौधरी को सौंपी गई। कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न भाषाओं के लोकगीतों का डिजिटल प्रलेखन भी किया जाएगा। कार्यक्रम के लिए सहयोग राशि ₹200 अथवा उससे अधिक (स्वैच्छिक) निर्धारित की गई।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि मंच के दो कार्यकारिणी सदस्यों का सम्मान 12 जुलाई को मंच की सचिव सुकेशी कर्मकार के आवास पर किया जाएगा। पांडुराम हाईबुरू के माध्यमिक आचार्य पद पर चयन तथा सत्यनारायण मुंडा को नेपाल में सम्मानित किए जाने पर उपाध्यक्ष डॉ. संजय कुमार तिर्की ने दोनों को विशेष रूप से बधाई दी।

बैठक के अंत में उपाध्यक्ष डॉ. संजय कुमार तिर्की ने हाल ही में आयोजित जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषा कॉन्क्लेव की सफलता पर मंच से जुड़े सभी सदस्यों को बधाई दी। साथ ही अगस्त माह में दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पुण्यतिथि तथा विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की गई।

बैठक का संचालन रवि कुमार ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन रामदेव बड़ाइक ने दिया।

बैठक में डॉ. वीरेंद्र कुमार महतो, डॉ. संजय कुमार तिर्की, सीमा खाखा, विकी मिंज, सत्यनारायण मुंडा, अरुण प्रामाणिक, बुधराम बोबोंगा, पांडुराम हाईबुरू, दुर्गाचरण महतो, नीलोफर मिंज, रामदेव बड़ाइक, संस्कृत विभाग की सहायक प्राध्यापिका मनीषा बोदरा, ललिता देवगम, सहायक कोषाध्यक्ष गंगा रानी सोरेन, सोनाराम सोरेन, लीबियान मुंडू,छूटनी असुर, जय सागर मुर्मू , फेलिसिटा बा, सुकेशी  कर्मकार सहित मंच के अनेक सदस्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *