12 साल तक फर्जी ID से सैलरी स्कैम, 29 करोड़ रुपये निकालकर खरीदी जमीन, मकान और जेवर

RANCHI

झारखंड के हजारीबाग में पुलिसकर्मियों के वेतन मद से करीब 29 करोड़ रुपये के कथित गबन मामले में सीआईडी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी है। वर्ष 2014 से 2026 के बीच चले इस मामले में सिपाही शंभु कुमार समेत छह लोगों को आरोपी बनाया गया है। जांच एजेंसी का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और अब तक 1.60 करोड़ रुपये की राशि फ्रीज की जा चुकी है।

सीआईडी की चार्जशीट के अनुसार, ट्रेजरी में फर्जी और टेंपररी आईडी बनाकर पुलिसकर्मियों के वेतन मद से वर्षों तक अवैध निकासी की जाती रही। जांच में सामने आया है कि करीब 29 करोड़ रुपये की राशि 24 अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर की गई। अब इन खातों से जुड़े लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

इस मामले में सीआईडी ने सिपाही शंभु कुमार, उनकी पत्नी काजल कुमारी, सिपाही रजनीश कुमार सिंह उर्फ पंकज सिंह, उनकी पत्नी खुशबू कुमारी, रिश्तेदार सौरभ कुमार और सिपाही धीरेंद्र सिंह के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है।

जांच एजेंसी के मुताबिक, एसपी कार्यालय की लेखा शाखा में तैनात तीनों सिपाहियों ने मिलकर पूरे फर्जीवाड़े को अंजाम दिया। आरोप है कि अवैध रूप से निकाली गई रकम को पत्नियों और अन्य सहयोगियों के बैंक खातों में भेजा गया। इसके बाद उस पैसे से जमीन, मकान और सोने-चांदी के आभूषण खरीदे गए।

सीआईडी के अनुसार, बैंक खातों, वित्तीय लेनदेन और खरीदी गई संपत्तियों की विस्तृत जांच अभी जारी है। जांच पूरी होने के बाद यदि अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *