डिजिटल सुरक्षा और AI के इस्तेमाल पर विधानसभा में मंथन, रबीन्द्रनाथ महतो बोले- जागरूकता की जरूरत

RANCHI

पुराने झारखंड विधानसभा परिसर में शुक्रवार को बाल कल्याण संघ, द एशिया फ़ाउंडेशन और साइबर पीस के संयुक्त तत्वावधान में डिजिटल युग में बढ़ते साइबर खतरों, डिजिटल धोखाधड़ी और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित जोखिमों पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जनप्रतिनिधियों को साइबर सुरक्षा, AI के सुरक्षित एवं सकारात्मक उपयोग तथा उभरती डिजिटल चुनौतियों के प्रति जागरूक करना था।

साइबर सुरक्षा अब केवल तकनीकी विषय नहीं : अध्यक्ष

कार्यशाला में झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल दौर में साइबर सुरक्षा केवल तकनीकी मुद्दा नहीं रह गई है, बल्कि यह प्रशासन, आर्थिक गतिविधियों, नागरिकों की सुरक्षा और निजता से सीधे तौर पर जुड़ा विषय बन चुका है।

उन्होंने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) विकास और सुशासन के लिए बेहद उपयोगी तकनीक है, लेकिन इसके सुरक्षित और नैतिक उपयोग के प्रति जागरूकता भी उतनी ही आवश्यक है, ताकि नागरिकों की निजता, सरकारी अभिलेखों और आर्थिक गतिविधियों की गोपनीयता सुरक्षित रह सके।

जनप्रतिनिधियों के लिए नई तकनीकों की जानकारी जरूरी

अध्यक्ष महतो ने कहा कि जनप्रतिनिधियों को नई तकनीकों, साइबर अपराधों से बचाव और डिजिटल सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं की जानकारी होना समय की मांग है। उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्यशालाएं न केवल जनप्रतिनिधियों की क्षमता वृद्धि करती हैं, बल्कि डिजिटल रूप से सुरक्षित और सशक्त समाज के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

विशेषज्ञों ने बताए साइबर खतरों से बचाव के उपाय

कार्यक्रम में राज्यसभा सदस्य महुआ माजी, विधायक चन्द्रेश्वर प्रसाद सिंह और नवीन जायसवाल ने भी डिजिटल शासन के विस्तार और उससे जुड़ी साइबर सुरक्षा चुनौतियों पर अपने विचार रखे। कार्यशाला के दौरान विशेषज्ञों ने साइबर सुरक्षा की बुनियादी समझ, AI प्रेरित जोखिम, सरकारी प्रणालियों की सुरक्षा, डेटा प्रबंधन, डिजिटल सेवा वितरण प्रोटोकॉल और त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र जैसे विषयों पर विस्तृत प्रस्तुतियां दीं।

बाल कल्याण संघ के संस्थापक संजय कुमार मिश्रा, द एशिया फ़ाउंडेशन की कंट्री रिप्रेजेंटेटिव नंदिता बरुआ, साइबर पीस फ़ाउंडेशन के कैप्टन एस.सी. जोशी और नमन जोशी विशेषज्ञ वक्ता के रूप में कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *