Ranchi
विश्व अल्पसंख्यक अधिकार दिवस के अवसर पर 18 दिसंबर 2025 को रांची के कडरू स्थित हज हाउस में झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग की ओर से एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का समन्वयन आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्लाह खान ने किया।
इस अवसर पर अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हफीजुल हसन ने अल्पसंख्यक छात्रों के लिए उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु निःशुल्क कोचिंग शुरू करने की पहल की घोषणा की। इस पहल की जमशेदपुर की जानी-मानी सामाजिक संस्था ह्यूमन वेलफेयर ट्रस्ट ने सराहना की।
ह्यूमन वेलफेयर ट्रस्ट की ओर से ट्रस्टी सैयद आसिफ अख्तर, मोहम्मद मोइनुद्दीन अंसारी, हाजी अजीज हसनैन, ताहिर हुसैन तथा राबिया एजुकेशन वेलफेयर सोसाइटी के निदेशक जावेद अख्तर खान ने कहा कि निःशुल्क कोचिंग की शुरुआत समाज में शिक्षा के स्तर को ऊंचा उठाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
उन्होंने कहा कि यह पहल राज्य के सभी अल्पसंख्यक समुदायों—मुस्लिम, सिख, जैन, ईसाई, दलित और आदिवासी—के शैक्षणिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में एक ठोस कदम है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्लाह खान ने कहा कि विश्व अल्पसंख्यक अधिकार दिवस का उद्देश्य अल्पसंख्यक वर्गों के अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें शिक्षा व अवसरों से जोड़ना है। उन्होंने सामाजिक संगठनों से इस दिशा में सक्रिय सहयोग की अपील की।
ह्यूमन वेलफेयर ट्रस्ट ने अल्पसंख्यक हित में इस पहल के लिए मंत्री हफीजुल हसन के प्रति आभार व्यक्त किया और कार्यक्रम के सफल आयोजन व मार्गदर्शन के लिए आयोग अध्यक्ष हिदायतुल्लाह खान को धन्यवाद दिया। ट्रस्ट ने यह भी कहा कि वह इस पहल को पूर्वी सिंहभूम जिले के छात्रों तक पहुंचाने में पूरा सहयोग करेगा।
