अनगड़ा में दर्दनाक हादसा: भाई को बचाने कुएं में कूदा भाई, दोनों सगे भाइयों की गई जान

RANCHI

 रांची जिले के अनगड़ा प्रखंड के चन्द्रटोली गांव में सोमवार को एक हृदयविदारक हादसे में दो सगे भाइयों की जान चली गई। मृतकों की पहचान विनोद मुंडा और सुखराम मुंडा के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

भाई को बचाने में चली गई दोनों की जान

जानकारी के अनुसार, विनोद मुंडा सुबह खेत की ओर जाने के बाद सिंचाई कूप से पानी निकालने पहुंचा था। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे कुएं में जा गिरा। भाई को पानी में डूबता देख सुखराम मुंडा बिना देर किए उसे बचाने के लिए कुएं में कूद पड़ा। काफी प्रयास के बावजूद वह विनोद को बाहर नहीं निकाल सका और अंततः दोनों भाइयों की डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि विनोद मिर्गी की बीमारी से पीड़ित था और अविवाहित था।

30 फीट गहरे कुएं में नहीं बनी थी सुरक्षा मुंडेर

ग्रामीणों ने बताया कि हादसा जिस सिंचाई कूप में हुआ, उसकी गहराई करीब 30 फीट है और उसमें 22 से 23 फीट तक पानी भरा हुआ था। मनरेगा योजना के तहत करीब दो वर्ष पूर्व बने इस कुएं के चारों ओर अब तक सुरक्षा के लिए मुंडेर का निर्माण नहीं किया गया था। ग्रामीणों का कहना है कि सुरक्षा इंतजामों की कमी और प्रशासनिक लापरवाही ने इस दर्दनाक घटना को जन्म दिया। उनका मानना है कि यदि समय रहते आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था की गई होती, तो दोनों भाइयों की जान बचाई जा सकती थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *