Bhubaneswar
35वें और 36वें ओडिशा राज्य फिल्म पुरस्कारों में ‘पुष्करा’ और ‘माई स्वीट हाउसवाइफ’ को संयुक्त रूप से वर्ष 2023 की सर्वश्रेष्ठ फिल्म का सम्मान मिला, जबकि ‘आश्रम’ को वर्ष 2024 की सर्वश्रेष्ठ फिल्म चुना गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने 62 कलाकारों और फिल्मकर्मियों को सम्मानित करते हुए ओडिया सिनेमा को राज्य की सांस्कृतिक पहचान और विरासत का सबसे सशक्त माध्यम बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 1936 में ओडिशा के गठन के साथ शुरू हुई ओडिया सिनेमा की यात्रा आज नई ऊंचाइयों को छू रही है। उन्होंने कहा कि मोहन सुंदर देब गोस्वामी की ‘सीता बिबाह’ से लेकर ‘दमन’, ‘प्रतीक्ष्या’, ‘साला बुढ़ा’, ‘पुष्करा’, ‘बोउ बुट्टू भूता’ और ‘बारा बधू’ जैसी फिल्मों ने समाज को सार्थक संदेश देने के साथ-साथ ओडिशा की कला और संस्कृति को वैश्विक पहचान दिलाई है।
सीएम माझी ने घोषणा की कि राज्य सरकार युवा प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर की ट्रेनिंग देगी और कलिंगा स्टूडियो को अत्याधुनिक डिजिटल एवं पोस्ट-प्रोडक्शन हब के रूप में विकसित करेगी। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय कलाकारों और तकनीशियनों को अपने सपनों को साकार करने के लिए राज्य से बाहर नहीं जाना पड़ेगा।
मुख्यमंत्री ने फिल्म निर्माताओं को ओडिशा में शूटिंग के लिए आमंत्रित करते हुए कहा कि राज्य के जंगल, समुद्र तट, झरने और ऐतिहासिक धरोहरें फिल्म निर्माण और पर्यटन दोनों के लिए अपार संभावनाएं रखती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि OTT प्लेटफॉर्म के विस्तार ने ओडिया सिनेमा को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक पहुंचाने के नए रास्ते खोले हैं और सरकार डिजिटल माध्यमों पर ओडिया कंटेंट के प्रचार-प्रसार को हरसंभव सहयोग देगी।
फिल्मकारों और दर्शकों से ओडिया सिनेमा को मजबूत समर्थन देने की अपील करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज और संस्कृति से जुड़ी गुणवत्तापूर्ण फिल्में दर्शकों को फिर से सिनेमाघरों की ओर आकर्षित करेंगी और इस उद्योग से जुड़े हजारों कलाकारों व तकनीशियनों की आजीविका को नई मजबूती देंगी।
