RANCHI
रांची स्थित नागड़ा टोली वर्किंग विमेंस हॉस्टल में भाकपा माले विधायक अरुप चटर्जी पहुंचे और हॉस्टल में रहने वाली कामकाजी महिलाओं एवं छात्राओं से मुलाकात की। हॉस्टल में रहने वाली महिलाएं विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत हैं, जबकि कई छात्राएं प्रतियोगी एवं अन्य परीक्षाओं की तैयारी कर रही हैं।
हॉस्टल की मरम्मत को लेकर सामाजिक कल्याण विभाग द्वारा जारी नोटिस के बाद महिलाओं एवं छात्राओं में चिंता व्याप्त है। उनका कहना है कि यदि मरम्मत करानी है तो चरणबद्ध तरीके से एक हिस्से में मरम्मत कर दूसरे हिस्से में रह रही महिलाओं को अस्थायी रूप से शिफ्ट किया जाए, न कि पूरे हॉस्टल को खाली कराया जाए। महिलाओं ने कहा कि बारिश के मौसम में उन्हें हॉस्टल से हटाना उनके सामने गंभीर आवासीय संकट खड़ा कर देगा।

विधायक अरुप चटर्जी ने हॉस्टल की महिलाओं और छात्राओं की समस्याएं सुनीं तथा उन्हें साथ लेकर समाज कल्याण विभाग के सचिव से मुलाकात की। इस दौरान हॉस्टल की ओर से मांग-पत्र भी सौंपा गया। सचिव ने आश्वासन दिया कि छात्राओं और महिलाओं की मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा तथा ऐसा समाधान निकाला जाएगा जिससे किसी को अनावश्यक परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि मरम्मत का कार्य चरणबद्ध तरीके से कराने और उपायुक्त से बातचीत कर उचित रास्ता निकालने का प्रयास किया जाएगा।
इस मौके पर आइसा के राज्य सचिव त्रिलोकी नाथ एवं ऐपवा की नेता नंदिता भट्टाचार्य भी मौजूद थीं। उन्होंने कहा कि किसी भी कीमत पर महिलाओं और छात्राओं को बेघर नहीं होने दिया जाएगा। यदि उनकी मांगों की अनदेखी की गई तो व्यापक आंदोलन चलाया जाएगा। आइसा ने हॉस्टल की महिलाओं और छात्राओं के संघर्ष के साथ एकजुटता व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार और प्रशासन ने यदि संवेदनशील रवैया नहीं अपनाया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
मौके पर ऐपवा की ओर से गीता तिर्की, सपना गाड़ी, थी, हॉस्टल से पिंकी जी, लखीमणि मुंडा, सीमांत देवी, सिमैला कुमारी, प्रभा तिर्की एवं उर्मिला भगत उपस्थित थीं। वहीं आइसा की ओर से राज्य सचिव त्रिलोकी नाथ सहित अन्य साथी मौजूद रहे।
