शराब के नशे में बेटे ने उजाड़ दिया अपना ही घर, टांगी से वार कर पिता का किया मर्डर

BOKARO

जिले के गोमिया प्रखंड में रिश्तों को झकझोर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। शराब के नशे में धुत एक युवक ने मामूली विवाद के बाद अपने ही पिता की टांगी से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, अर्जुन करमाली नशे की हालत में घर लौटा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसके पिता जयलाल करमाली से बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने आपा खो दिया और घर में रखी टांगी से पिता पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने के कारण जयलाल करमाली की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही जगेश्वर विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अर्जुन करमाली को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई टांगी भी बरामद कर ली है।

फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। यह घटना एक बार फिर नशे के दुष्परिणामों और पारिवारिक संबंधों पर उसके गंभीर असर को उजागर करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *