झारखंड कृषि व्यापार मेले में तकनीक और नवाचार का संगम, किसानों को मिले आधुनिक खेती के नए TIPS

RANCHI

रांची के ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान में आयोजित झारखंड कृषि व्यापार मेला 2026 का दूसरा दिन किसानों, कृषि विशेषज्ञों और उद्यमियों के उत्साह से सराबोर रहा। राज्य के विभिन्न जिलों से पहुंचे किसानों ने मेले में लगाई गई प्रदर्शनी, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और तकनीकी सत्रों में भाग लेकर आधुनिक कृषि और उससे जुड़े व्यवसायों की नई संभावनाओं को करीब से जाना। पूरे दिन मेले में किसानों की भारी उपस्थिति देखने को मिली, जिससे आयोजन का महत्व और भी बढ़ गया।

कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने मेले का दौरा कर विभिन्न विभागीय और निजी स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों से संवाद करते हुए उन्हें नई तकनीकों और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। मंत्री ने कृषि, पशुपालन, डेयरी और अन्य संबद्ध क्षेत्रों में प्रदर्शित नवाचारों की जानकारी भी ली।

विशेषज्ञों ने साझा की आधुनिक कृषि की जानकारी

मेले में कृषि वैज्ञानिकों, तकनीकी विशेषज्ञों और विभिन्न क्षेत्रों के जानकारों ने किसानों को उन्नत खेती, पशु स्वास्थ्य प्रबंधन, नस्ल सुधार, डेयरी विकास, मत्स्य पालन, झींगा एवं मोती उत्पादन तथा कृषि आधारित उद्यमिता के अवसरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विशेषज्ञों ने बताया कि आधुनिक तकनीकों और वैज्ञानिक तरीकों को अपनाकर किसान अपनी उत्पादकता और आमदनी दोनों बढ़ा सकते हैं।

जलवायु-स्मार्ट खेती से लेकर लाख उत्पादन तक चर्चा

दिनभर आयोजित विषयगत सत्रों में फसल उपरांत प्रबंधन, डिजिटल कृषि, जलवायु-स्मार्ट खेती, कुक्कुट पालन, अंडा उत्पादन, डेयरी व्यवसाय, मत्स्य क्षेत्र में नवाचार, मोती कृषि और लाख उत्पादन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। इन सत्रों ने किसानों को बदलते कृषि परिदृश्य के अनुरूप नई सोच और तकनीकों से परिचित कराया।

किसानों को बाजार से जोड़ने का प्रभावी मंच

मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि झारखंड कृषि व्यापार मेला किसानों को तकनीक, बाजार और सरकारी योजनाओं से जोड़ने का सशक्त माध्यम बन रहा है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ किसानों को आत्मनिर्भर और आधुनिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

के. राजू समेत कई गणमान्य अतिथि पहुंचे

मेले में भारत सरकार के पूर्व अपर सचिव एवं आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव के. राजू की उपस्थिति विशेष आकर्षण का केंद्र रही। उनके साथ कांग्रेस के सह-प्रभारी डॉ. सिरिबेला प्रसाद, भूपेश मरावी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, पूर्व मंत्री बंधु तिर्की, कुमार राजा, सोमनाथ मुंडा और जोसाई माडी भी मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने विभिन्न स्टॉलों और नवाचार केंद्रों का भ्रमण कर किसानों तथा स्वयं सहायता समूहों के प्रतिनिधियों से संवाद किया।

अतिथियों ने झारखंड सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि कृषि व्यापार मेला राज्य में आधुनिक कृषि तकनीकों के प्रसार, कृषि उद्यमिता को बढ़ावा देने और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है। कृषि वैज्ञानिकों, स्टार्टअप्स, उद्यमियों और किसानों का यह साझा मंच झारखंड की कृषि उन्नति को नई गति देने का कार्य कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *