RANCHI
झारखंड में आगामी राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इंडिया गठबंधन समर्थित कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा के पक्ष में समर्थन जुटाने और चुनावी रणनीति को मजबूत करने के उद्देश्य से रांची स्थित राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रदेश कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजद विधायकों, कांग्रेस नेताओं और महागठबंधन के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
बैठक में कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा, झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर तथा ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह समेत कई प्रमुख नेता मौजूद रहे। नेताओं ने राज्यसभा चुनाव में महागठबंधन की एकजुटता और रणनीति पर विस्तार से चर्चा की।
इस अवसर पर मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि इंडिया गठबंधन पूरी मजबूती और समन्वय के साथ चुनाव मैदान में उतरा है। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास आवश्यक संख्या बल नहीं है और वह झारखंड की जनता की भावनाओं तथा राज्य के हितों को लेकर स्पष्ट दृष्टिकोण प्रस्तुत करने में विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा का उम्मीदवार परिस्थितियों के अनुसार अपनी राजनीतिक प्रतिबद्धताएं बदलता रहा है, जबकि महागठबंधन राज्य के विकास और स्थानीय आकांक्षाओं के लिए प्रतिबद्ध है।
दीपिका पांडेय सिंह ने विश्वास जताया कि महागठबंधन के सभी सहयोगी दलों और विधायकों के समर्थन से राज्यसभा उम्मीदवार बैजनाथ राम और प्रणव झा की जीत सुनिश्चित होगी। उन्होंने कहा कि गठबंधन की एकता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है और यही चुनाव परिणामों में भी दिखाई देगी।
बैठक में राजद प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक संजय सिंह यादव, श्रम, नियोजन एवं प्रशिक्षण मंत्री संजय प्रसाद यादव, राजद विधायक दल के नेता सुरेश पासवान, विधायक नरेश सिंह तथा राष्ट्रीय महासचिव भोला प्रसाद यादव सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। नेताओं ने राज्यसभा चुनाव में महागठबंधन के उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए साझा प्रयास जारी रखने का संकल्प भी दोहराया।
