Adinivas बना आदिवासी अस्मिता का डिजिटल फेस, CM बोले- अब दुनिया तक पहुंचेगी झारखंड की बात

RANCHI

झारखंड के मुख्यमंत्री Hemant Soren ने देश के पहले आदिवासी डिजिटल प्लेटफॉर्म “Adinivas App” की खुलकर सराहना की है। मुख्यमंत्री ने ऐप तैयार करने वाले युवा नितिन कुजूर और उनकी टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह केवल एक मोबाइल एप्लीकेशन नहीं, बल्कि आदिवासी समाज की संस्कृति, पहचान और आधुनिक सोच को डिजिटल दुनिया से जोड़ने वाला ऐतिहासिक प्रयास है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि “Adinivas” नाम अपने भीतर आदिवासी समाज की जड़ों, परंपराओं और वर्तमान समय की नई तकनीकी सोच को समेटे हुए है। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज ने समय के साथ कई दौर देखे हैं और अब वह डिजिटल युग में अपनी नई पहचान बना रहा है।

मोबाइल ने पूरी दुनिया को हथेली पर ला दिया’ : हेमंत सोरेन

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज मोबाइल तकनीक ने पूरी दुनिया को लोगों की मुट्ठी में ला दिया है। अब कोई भी व्यक्ति दुनिया के किसी भी कोने से अपनी प्रतिभा, संस्कृति और पहचान को सामने रख सकता है। उन्होंने कहा कि आधुनिक दौर में तकनीक केवल सुविधा नहीं, बल्कि समाज को आगे बढ़ाने का सबसे बड़ा माध्यम बन चुकी है।

उन्होंने कहा कि देखने में यह ऐप भले साधारण लगे, लेकिन इसकी उपयोगिता बहुत व्यापक है। यह प्लेटफॉर्म आदिवासी समाज को डिजिटल दुनिया से जोड़ने के साथ-साथ उसकी सांस्कृतिक विरासत को भी नई पहचान देने का काम करेगा।

आदिवासी समाज की अलग पहचान, युवाओं की नई सोच

हेमंत सोरेन ने कहा कि आदिवासी समाज इस धरती की सबसे पुरानी सभ्यताओं में से एक है और उसकी अपनी विशिष्ट पहचान रही है। उन्होंने कहा कि समाज कई क्षेत्रों में चुनौतियों का सामना जरूर कर रहा है, लेकिन अब युवा नई सोच, तकनीक और क्रिएटिविटी के जरिए बदलाव की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विज्ञान और तकनीक तेजी से आगे बढ़ रही है। आज इंसान चांद पर बसने की कल्पना कर रहा है, ऐसे समय में आदिवासी समाज को भी समय के साथ कदम मिलाकर चलना होगा। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आधुनिकता की दौड़ में अपनी संस्कृति, परंपरा और सामाजिक मूल्यों को कभी नहीं छोड़ना चाहिए।

नितिन कुजूर और टीम के प्रयास को बताया प्रेरणादायक

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह का डिजिटल प्लेटफॉर्म तैयार करना आसान काम नहीं है। इसके लिए तकनीकी समझ, मेहनत और दूरदृष्टि की जरूरत होती है। उन्होंने नितिन कुजूर और उनकी टीम के प्रयास को बेहद सराहनीय बताते हुए कहा कि ऐसे युवा पूरे समाज के लिए प्रेरणा हैं।

उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज अब सामाजिक, आर्थिक और बौद्धिक रूप से आगे बढ़ रहा है और नई पीढ़ी तकनीक के माध्यम से अपनी अलग पहचान बना रही है।

हर दिन सीखने का दिन, तकनीक को अपनाना जरूरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि वह खुद “Adinivas App” को देखेंगे और समझेंगे कि इसमें कौन-कौन सी सुविधाएं दी गई हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे लगातार सीखते रहें और आधुनिक तकनीक को अपनाकर समाज को नई दिशा देने का काम करें।

उन्होंने कहा कि आज का दौर शिक्षा, तकनीक और नवाचार का दौर है। ऐसे में आदिवासी युवाओं को अपनी प्रतिभा को दुनिया तक पहुंचाने के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म का अधिक से अधिक उपयोग करना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *