NEW DELHI
भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) के कथित “कॉकरोच” बयान के विरोध में बनाई गई कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) पर गुरुवार को बड़ा डिजिटल एक्शन देखने को मिला। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X ने भारत में पार्टी के आधिकारिक अकाउंट को बैन कर दिया। X की ओर से साफ कहा गया कि यह कार्रवाई स्थानीय कानून, कोर्ट ऑर्डर या कानूनी शिकायत के आधार पर की गई है।
इस कार्रवाई के बाद सोशल मीडिया पर जबरदस्त बहस छिड़ गई है। समर्थकों ने इसे “अभिव्यक्ति की आवाज दबाने” की कार्रवाई बताया, जबकि विरोधियों ने कहा कि सोशल मीडिया पर बढ़ती उग्र और व्यंग्यात्मक राजनीति पर नियंत्रण जरूरी है।
6 दिन में करोड़ों की पहुंच, अचानक लगा डिजिटल ब्रेक
CJP के फाउंडर अभिजीत दीपके ने भी अपने निजी सोशल मीडिया अकाउंट पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि पार्टी का X अकाउंट भारत में बंद कर दिया गया है। हैरानी की बात यह है कि बेहद कम समय में यह पार्टी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई थी।
गुरुवार दोपहर 12:55 बजे तक इंस्टाग्राम पर पार्टी के फॉलोअर्स का आंकड़ा करीब 1.26 करोड़ तक पहुंच गया था। यह संख्या कई स्थापित राजनीतिक दलों के सोशल मीडिया आधार को चुनौती देती दिखी। तुलना करें तो इंस्टाग्राम पर भाजपा के करीब 87 लाख और कांग्रेस के लगभग 1.33 करोड़ फॉलोअर्स बताए जा रहे हैं।
X पर भी तेज उछाल, फिर आया बैन
X पर भी CJP तेजी से ट्रेंड कर रही थी। गुरुवार दोपहर तक पार्टी के करीब 1 लाख 93 हजार फॉलोअर्स हो चुके थे। लेकिन अचानक अकाउंट भारत में ब्लॉक कर दिया गया। फिलहाल पार्टी का कोई आधिकारिक फेसबुक अकाउंट मौजूद नहीं है।
सोशल मीडिया एक्सपर्ट्स का मानना है कि यह मामला आने वाले दिनों में “डिजिटल फ्रीडम बनाम कानूनी नियंत्रण” की नई बहस को जन्म दे सकता है। वहीं राजनीतिक गलियारों में भी यह मुद्दा तेजी से चर्चा में आ गया है।
