RANCHI
मुख्यमंत्री Hemant Soren से मंगलवार को मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में कॉन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री यानी Confederation of Indian Industry (CII) झारखंड के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। इस दौरान राज्य में निवेश, औद्योगिक विकास और नई इंडस्ट्रियल संभावनाओं को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में झारखंड को देश के प्रमुख इन्वेस्टमेंट डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया।
मुख्यमंत्री से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में CII झारखंड स्टेट काउंसिल के अध्यक्ष दिलू पारिख, टाटा स्टील कॉरपोरेट सर्विस के उपाध्यक्ष डीबी सुंदर रमन, CII ईस्टर्न रीजन के रीजनल डायरेक्टर देव ज्योति और CII झारखंड हेड प्रभात कुमार शामिल रहे।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि दावोस में आयोजित विश्व आर्थिक मंच 2026 में झारखंड सरकार ने वैश्विक स्तर पर यह संदेश दिया है कि राज्य निवेश और औद्योगिक विकास के लिए बेहद अनुकूल है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इंडस्ट्री फ्रेंडली माहौल तैयार करने के साथ-साथ नई कार्य योजनाओं के जरिए औद्योगिक विकास को गति देने में जुटी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड प्राकृतिक संसाधनों, मानव संसाधन और औद्योगिक संभावनाओं से भरपूर राज्य है। सरकार का लक्ष्य सिर्फ निवेश लाना नहीं, बल्कि रोजगार सृजन और स्थानीय विकास को भी मजबूत करना है। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में झारखंड देश के बड़े औद्योगिक केंद्रों में अपनी मजबूत पहचान बनाएगा।
वहीं, CII प्रतिनिधियों ने दावोस में झारखंड सरकार की सक्रिय भागीदारी और यूनाइटेड किंगडम यात्रा को सफल बताते हुए मुख्यमंत्री को बधाई दी। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि राज्य सरकार के प्रयासों से निवेशकों का भरोसा लगातार मजबूत हो रहा है और झारखंड तेजी से उभरते हुए निवेश केंद्र के रूप में सामने आ रहा है।
बैठक में राज्य की इंडस्ट्रियल पॉलिसी, निवेश प्रक्रिया को आसान बनाने और उद्योगों के लिए बेहतर माहौल तैयार करने जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई। CII प्रतिनिधियों ने राज्य सरकार के साथ समन्वय बनाकर काम करने और पॉलिसी डेवलपमेंट प्रोसेस में नॉलेज व इंडस्ट्री पार्टनर की भूमिका निभाने की इच्छा जताई।
