RANCHI
Election Commission of India ने देशभर में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तीसरे चरण का ऐलान कर दिया है। इस चरण में झारखंड समेत 16 राज्यों और तीन केंद्रशासित प्रदेशों में मतदाता सूची की व्यापक जांच की जाएगी। झारखंड में यह प्रक्रिया 20 जून 2026 से शुरू होगी, जबकि अंतिम मतदाता सूची 7 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी।
आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं की जानकारी का सत्यापन करेंगे। इस दौरान मतदाताओं के नाम, पता और अन्य विवरणों की जांच की जाएगी। जरूरत पड़ने पर सुधार भी दर्ज किए जाएंगे। इसके साथ ही मतदान केंद्रों के युक्तिकरण का काम भी किया जाएगा।
5 अगस्त को जारी होगी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट
Jharkhand में 5 अगस्त 2026 को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 5 अगस्त से 4 सितंबर तक मतदाता अपने दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे।
निर्वाचन आयोग ने साफ किया है कि सभी शिकायतों और सुधार संबंधी आवेदनों का निपटारा 3 अक्टूबर 2026 तक कर लिया जाएगा, ताकि अंतिम सूची समय पर जारी हो सके।
झारखंड के 2.64 करोड़ वोटरों का होगा सत्यापन
आयोग के आंकड़ों के अनुसार Jharkhand में कुल 2 करोड़ 64 लाख 89 हजार 777 मतदाताओं का सत्यापन किया जाएगा। इस बड़े अभियान को पूरा करने के लिए राज्यभर में 29,571 BLO तैनात किए जाएंगे।
इसके अलावा विभिन्न राजनीतिक दलों की ओर से 21,644 बूथ लेवल एजेंट (BLA) भी नियुक्त किए जाएंगे, ताकि प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष बनी रहे।
देशभर में 36 करोड़ से ज्यादा वोटर शामिल
SIR फेज-3 के तहत पूरे देश में करीब 36.73 करोड़ मतदाताओं का सत्यापन किया जाएगा। इसके लिए 3.94 लाख से अधिक BLO और 3.42 लाख BLA तैनात किए जाएंगे।
Election Commission of India ने राजनीतिक दलों से अपील की है कि वे हर मतदान केंद्र पर अपने एजेंट नियुक्त करें, ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी की आशंका न रहे।
इन राज्यों में फिलहाल टला कार्यक्रम
आयोग ने बताया कि Himachal Pradesh, Jammu and Kashmir और Ladakh में फिलहाल यह कार्यक्रम लागू नहीं किया गया है।
मौसम और जनगणना के दूसरे चरण को देखते हुए इन क्षेत्रों के लिए अलग से तारीखों की घोषणा की जाएगी। आयोग के मुताबिक पहले दो चरणों में 13 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में करीब 59 करोड़ मतदाताओं का पुनरीक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है।
