RANCHI
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बेंगलुरु दौरे से रांची लौट आए हैं। दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए वह सोमवार को अपने परिवार के साथ रामगढ़ जिले के नेमरा गांव के लिए रवाना होंगे।
14 फीट ऊंची प्रतिमा का होगा अनावरण
दिशोम गुरु की पहली पुण्यतिथि पर नेमरा में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस मौके पर उनकी 14 फीट ऊंची आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पुत्र के रूप में अपने पिता को श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे।
हजारों लोगों के जुटने की तैयारी
कार्यक्रम को लेकर नेमरा के लुकैयाटांड़ गांव में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। श्रद्धांजलि सभा के लिए करीब 10 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। राज्य के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में लोगों के कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है।
पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ होगा आयोजन
दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में पारंपरिक आदिवासी रीति-रिवाजों का पालन किया जाएगा। आयोजन को ऐतिहासिक और गरिमामय बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। नेमरा में पूरे दिन श्रद्धांजलि, स्मरण और सामाजिक सहभागिता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
