RANCHI
राजधानी रांची में आंदोलनरत छात्रों ने 20 अगस्त को प्रस्तावित मुख्यमंत्री आवास घेराव का कार्यक्रम फिलहाल स्थगित कर दिया है। छात्रों का कहना है कि 17 अगस्त को सरकार की ओर से की गई घोषणाओं के संबंध में ऑफिशियल नोटिफिकेशन का इंतजार किया जा रहा है। नोटिफिकेशन जारी होने के बाद ही आंदोलन की आगे की रणनीति तय की जाएगी।
छात्रों ने कहा कि सरकार ने उनकी मांगों को लेकर बड़ा दिल दिखाते हुए JSSC-CGL समेत TDPL द्वारा संचालित सभी परीक्षाओं को रद्द करने का फैसला लिया है। सरकार के इस निर्णय पर छात्रों ने संतोष जताते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और झारखंड सरकार के प्रति धन्यवाद भी व्यक्त किया है।
हालांकि, छात्रों ने यह भी साफ कर दिया है कि CBI जांच की मांग पर वे अब भी अडिग हैं। उनका कहना है कि परीक्षाओं को रद्द करना निश्चित तौर पर एक महत्वपूर्ण कदम है, लेकिन कथित परीक्षा गड़बड़ी की पूरी सच्चाई सामने लाने और इसमें शामिल लोगों की पहचान करने के लिए निष्पक्ष जांच जरूरी है।
छात्रों के मुताबिक, सरकार की घोषणा के बाद आंदोलन की दिशा में फिलहाल एक कदम पीछे हटते हुए 20 अगस्त का मुख्यमंत्री आवास घेराव स्थगित किया गया है। अब उनकी नजर सरकार की ओर से जारी होने वाले आधिकारिक नोटिफिकेशन पर है। छात्रों का कहना है कि नोटिफिकेशन में सरकार के फैसले की स्थिति स्पष्ट होने के बाद ही आगे का निर्णय लिया जाएगा।
17 अगस्त को सरकार ने लिया था परीक्षाएं रद्द करने का फैसला
बता दें कि 17 अगस्त को झारखंड सरकार ने JSSC-CGL परीक्षा सहित TDPL द्वारा संचालित कराई गई सभी परीक्षाओं को रद्द करने का फैसला लिया था। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बैठक के बाद मीडिया को इसकी जानकारी दी थी।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने प्रोजेक्ट भवन में कैबिनेट के अन्य साथियों के साथ करीब तीन घंटे तक बैठक की थी। बैठक में परीक्षाओं को रद्द करने से जुड़े विभिन्न तकनीकी और कानूनी पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया। चर्चा के बाद सरकार ने इन परीक्षाओं को रद्द करने का निर्णय लिया।
अब आंदोलनरत छात्रों का अगला कदम सरकार के ऑफिशियल नोटिफिकेशन पर निर्भर करेगा। छात्र नेताओं का कहना है कि सरकार के फैसले को लेकर वे सकारात्मक हैं और परीक्षा रद्द करने की मांग मानना महत्वपूर्ण कदम है, लेकिन CBI जांच की मांग पूरी होने तक आंदोलन को पूरी तरह समाप्त नहीं माना जाएगा।
