परीक्षाएं रद्द करने के फैसले पर कांग्रेस ने CM हेमंत सोरेन का जताया आभार, कहा- छात्रों के हित में बड़ा कदम

RANCHI

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मंगलवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में झारखंड प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के. राजू, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश सहित कांग्रेस के मंत्री और विधायकों ने मुलाकात की। इस दौरान नेताओं ने 17 अगस्त को झारखंड मंत्रालय में हुई कैबिनेट की विशेष बैठक में छात्र हित में लिए गए फैसलों का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से TDPL द्वारा आयोजित परीक्षाओं को रद्द करने का फैसला विद्यार्थियों और अभ्यर्थियों के हित में महत्वपूर्ण कदम है। इससे परीक्षा विवाद से प्रभावित छात्रों को राहत मिलेगी और उनके भविष्य को लेकर बनी अनिश्चितता भी दूर होगी। नेताओं ने सरकार की इस पहल को युवाओं और विद्यार्थियों के प्रति उसकी संवेदनशीलता का प्रमाण बताया।

युवाओं के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का दावा

मुलाकात के दौरान कांग्रेस नेताओं ने मुख्यमंत्री से कहा कि उनके नेतृत्व में राज्य सरकार जनहित के साथ-साथ युवाओं के हितों को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि TDPL द्वारा आयोजित परीक्षाओं को रद्द करने का निर्णय विद्यार्थियों की चिंताओं को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

कांग्रेस नेताओं ने सरकार की ओर से लिए गए इस फैसले के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि इससे परीक्षा प्रक्रिया को लेकर छात्रों के बीच बनी असमंजस की स्थिति कम होगी। साथ ही उन्होंने सरकार की प्रतिबद्धता और संवेदनशील पहल की सराहना की।

युवाओं के भविष्य को लेकर सरकार गंभीर : हेमंत सोरेन

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष, मंत्रियों और विधायकों के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य झारखंड के युवाओं और विद्यार्थियों के हितों की रक्षा करना है। युवाओं के भविष्य से जुड़े विषयों पर सरकार पूरी संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ निर्णय लेती रही है और आगे भी लेती रहेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के लिए छात्र और युवा हित महत्वपूर्ण हैं। इसी सोच के तहत परीक्षा से जुड़े मौजूदा विवाद में छात्रों के हित को ध्यान में रखते हुए निर्णय लिया गया है।

विकास और छात्र कल्याण पर भी हुई चर्चा

मुलाकात के दौरान राज्य में चल रही विकासात्मक योजनाओं, जनहित और छात्र कल्याण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी विस्तृत चर्चा हुई। कांग्रेस नेताओं और मुख्यमंत्री के बीच राज्य सरकार की प्राथमिकताओं तथा युवाओं से जुड़े विषयों को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ।

मौके पर मंत्री इरफान अंसारी, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, विधायक कल्पना सोरेन, विधायक रामेश्वर उरांव, विधायक प्रदीप यादव, विधायक कुमार जयमंगल, विधायक राजेश कच्छप, विधायक रामचंद्र सिंह, विधायक नमन विक्सल कोनगाड़ी, विधायक भूषण बाड़ा एवं विधायक ममता देवी सहित अन्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *