सोसायटी ने शानदार प्रदर्शन वाले स्टूडेंट्स को दिया स्कॉलरशिप, एडमिशन में मिलेगी मदद

Ranchi

फ्रेंड्स ऑफ वीकर सोसाइटी, रांची द्वारा 10वीं बोर्ड परीक्षा 2026 में Millat Academy High School के शानदार प्रदर्शन पर विद्यालय की मेधावी छात्राओं एवं छात्रों को इंटर कॉलेज में नामांकन हेतु स्कॉलरशिप प्रदान कर सम्मानित किया गया।

मिल्लत अकादमी हाई स्कूल ने इस वर्ष 10वीं बोर्ड परीक्षा 2026 में 100% परिणाम देकर एक नई मिसाल कायम की। विद्यालय के 5 छात्रों ने 90% से अधिक अंक प्राप्त कर स्कूल का गौरव बढ़ाया। तीन छात्रों ने गणित में 100 में 100 अंक प्राप्त किए, जबकि एक छात्रा ने इंग्लिश में 98 अंक हासिल कर यह साबित कर दिया कि प्रतिभा के आगे संसाधनों की कमी कोई मायने नहीं रखती।

विद्यालय की इस ऐतिहासिक सफलता का जश्न मनाने हेतु एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें सभी सफल छात्रों को सर्टिफिकेट एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर फ्रेंड्स ऑफ वीकर सोसाइटी, राँची के सदस्यों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था।

फ्रेंड्स ऑफ वीकर सोसाइटी द्वारा विद्यालय के तीन मेधावी एवं जरूरतमंद छात्रों को स्कॉलरशिप प्रदान कर इंटर कॉलेज में उनके नामांकन में सहयोग किया गया। आशिफा अंजुमन ने 96% अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया तथा गणित में 100 अंक हासिल किए। उन्हें फ्रेंड्स ऑफ वीकर सोसाइटी की ओर से ₹15,000 की स्कॉलरशिप प्रदान की गई। अशरफ महफूज़ ने 94.60% अंक प्राप्त किए और गणित में 100 अंक हासिल किए, जिन्हें ₹20,000 की स्कॉलरशिप दी गई। वहीं फलक तय्यब ने 94.40% अंक प्राप्त किए तथा गणित में 100 अंक हासिल कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया, जिन्हें ₹15,000 की स्कॉलरशिप प्रदान की गई।

सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित तंजीम आलम एवं मिल्ली तालीमी मिशन के सक्रिय सदस्य ने कहा कि मिल्लत अकादमी स्कूल लगभग 6 वर्ष पूर्व काफी कठिन दौर से गुजर रहा था, लेकिन जब से विद्यालय प्रबंधन ने अशरफ हुसैन को स्कूल संचालन की जिम्मेदारी सौंपी है, तब से विद्यालय लगातार अपने पुराने गौरव की ओर लौट रहा है। उन्होंने कहा कि स्कूल प्रबंधन हमेशा छात्रों के विकास एवं शिक्षा के लिए हर संभव सहयोग करता रहेगा।

इस अवसर पर फ्रेंड्स ऑफ वीकर सोसाइटी के अध्यक्ष तनवीर अहमद ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि सोसाइटी अपने “तालीमी तरक्की” एवं “शिक्षा को सम्मान” अभियान के तहत जरूरतमंद एवं होनहार बच्चों की खोज कर उनकी हर संभव मदद करती है। उन्होंने कहा कि जिस विद्यालय से उन्होंने नर्सरी से लेकर 10वीं तक अपनी शिक्षा प्राप्त की, आज उसी विद्यालय के टॉपर्स को अपनी संस्था के माध्यम से स्कॉलरशिप देकर सम्मानित करना उनके लिए गर्व और खुशी की बात है। उन्होंने छात्रों से कहा कि वे शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ें और अपने परिवार, विद्यालय, समाज एवं देश का नाम रोशन करें। यही उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि और समाज के लिए सबसे बड़ा उपहार होगा।

विद्यालय के निदेशक अशरफ हुसैन ने अपने संबोधन में कहा कि मिल्लत अकादमी का उद्देश्य केवल परीक्षा में अच्छे अंक दिलाना नहीं, बल्कि बच्चों को बेहतर इंसान और समाज का जिम्मेदार नागरिक बनाना है। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद विद्यालय के शिक्षक पूरी मेहनत और लगन के साथ बच्चों को शिक्षा दे रहे हैं। उन्होंने सफल छात्रों को मुबारकबाद देते हुए कहा कि यह कामयाबी मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। साथ ही उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान दें और उन्हें आगे बढ़ने के लिए हमेशा प्रोत्साहित करें।

कार्यक्रम में फ्रेंड्स ऑफ वीकर सोसाइटी के अध्यक्ष तनवीर अहमद, महासचिव कमर सिद्दीकी, सचिव सुहैल अख्तर, संयुक्त सचिव जावेद अख्तर, सदस्य मो. गुलजार, सदस्य मो. नौशाद, छात्रों के अभिभावक एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के निदेशक अशरफ हुसैन ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *