पेटरवार BDO ऑफिस में घूस का भंडाफोड़, प्रधान सहायक 8 हजार रुपये लेते रंगेहाथ गिरफ्तार

BOKARO

झारखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पेटरवार प्रखंड कार्यालय के प्रधान सहायक मो. गुलाम रसूल को 8 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद प्रखंड कार्यालय में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, मो. गुलाम रसूल पर एक कार्य के बदले रिश्वत मांगने का आरोप था। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन किया और योजना बनाकर जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी ने शिकायतकर्ता से 8 हजार रुपये की रिश्वत ली, टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे मौके पर ही दबोच लिया।

गिरफ्तारी के बाद एसीबी अधिकारियों ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और आरोपी को अपने साथ धनबाद ले गए, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है और रिश्वत मांगने से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ राज्य सरकार और एसीबी की सख्त नीति का हिस्सा माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने भी एसीबी की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए सरकारी कार्यालयों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *