झारखंड विधानसभा की बड़ी घोषणा: राज सिन्हा बने 2025 के उत्कृष्ट विधायक

19th November 2025

Ranchi

धनबाद के विधायक राज सिन्हा को वर्ष 2025 का भगवान बिरसा मुंडा उत्कृष्ट विधायक पुरस्कार दिए जाने की घोषणा की गई है। बुधवार दोपहर 12:30 बजे झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो के काँके रोड स्थित आवासीय कार्यालय में उत्कृष्ट विधायक चयन समिति की बैठक हुई, जिसमें सर्वसम्मति से राज सिन्हा का चयन किया गया।

बैठक की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो ने की। समिति में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, स्टीफन मरांडी, रामचंद्र सिंह, नवीन जयसवाल, पत्रकार दीर्घा समिति के संयोजक आनंद मोहन और प्रभारी सचिव माणिक लाल हेम्ब्रम शामिल थे।

समिति ने उत्कृष्ट विधायक के साथ-साथ छह उत्कृष्ट विधानसभा कर्मियों का भी चयन किया है। सभी को स्व. कपिलेश्वर प्रसाद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। चयनित कर्मियों में शामिल हैं—

  1. संतोष कुमार सिंह, संयुक्त सचिव
  2. मती नीलम कुजूर, प्रशाखा पदाधिकारी
  3. मो. शाहिद हैदर, सहायक प्रशाखा पदाधिकारी
  4. राकेश कुमार सिंह, पर्यवेक्षक उद्यान
  5. मन्नू राम, अनुसेवक
  6. रवीन्द्र पाल, अनुसेवक

पुरस्कार वितरण 22 नवंबर 2025 को स्थापना दिवस समारोह के दौरान किया जाएगा। इस अवसर पर राज्यपाल राज सिन्हा को प्रशस्ति पत्र, शॉल, मोमेंटो और 51,000 रुपये की सम्मान राशि प्रदान करेंगे। वहीं उत्कृष्ट कर्मियों को मुख्यमंत्री के हाथों प्रशस्ति पत्र, शॉल, मोमेंटो और 21,000 रुपये सम्मान राशि दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *