RANCHI
रांची पुलिस द्वारा प्रवर्तन निदेशालय (ED) के क्षेत्रीय कार्यालय में की गई छापेमारी को लेकर झारखंड प्रदेश जनता दल यूनाइटेड ने हेमंत सरकार पर तीखा हमला बोला है। जदयू ने इस कार्रवाई को सत्ता का दुरुपयोग बताते हुए कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचारियों के प्रति गहरी सहानुभूति रखती है।
जदयू के प्रदेश प्रवक्ता सागर कुमार ने प्रेस बयान जारी कर कहा कि पुलिस का इस्तेमाल राजनीतिक दबाव बनाने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ताधारी दल पश्चिम बंगाल की घटनाओं से उत्साहित और प्रेरित नजर आ रहा है तथा भ्रष्टाचारियों को संरक्षण देना सरकार की प्राथमिकता सूची में शामिल है। जदयू ने स्पष्ट किया कि भ्रष्टाचार के खिलाफ जांच और अभियान किसी भी दबाव के बावजूद लगातार जारी रहेंगे।
वहीं, जदयू के प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद खीरू महतो ने आदित्य साहू को भारतीय जनता पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष चुने जाने पर बधाई दी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्य में एनडीए के घटक दलों के बीच बेहतर समन्वय बनेगा और जनहित से जुड़े मुद्दों पर सामूहिक संघर्ष की दिशा में सकारात्मक पहल होगी।
जदयू ने संकेत दिया है कि आने वाले समय में राज्य की राजनीति में भ्रष्टाचार, जांच एजेंसियों की भूमिका और गठबंधन की सक्रियता जैसे मुद्दे और अधिक मुखर होकर सामने आएंगे।
