बजट सत्र: हेमंत सोरेन का बड़ा बयान, 50 लाख महिलाओं को मंईयां सम्मान; उपलब्धियों संग पेश किया रोडमैप




RANCHI

झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के समापन पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सरकार की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं को विस्तार से रखते हुए राज्य के विकास का रोडमैप पेश किया। उन्होंने कहा कि झारखंड हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है और सरकार अपने वादों को निभाने के लिए प्रतिबद्ध है।

सीएम ने दावा किया कि वित्तीय प्रबंधन के मामले में झारखंड ने बड़ी छलांग लगाई है और राज्य 13वें स्थान से तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। उन्होंने कहा, “हम जो कहते हैं, वो करते हैं” और यही सरकार की कार्यशैली है।

पेंशन और महिला सशक्तिकरण पर जोर

मुख्यमंत्री ने बताया कि पहले जहां 12 से 13 लाख लोगों को पेंशन मिलती थी, अब यह संख्या बढ़कर 36 लाख हो गई है। परित्यक्ता महिलाओं को भी पेंशन देने की व्यवस्था की गई है, जो सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाती है।

उन्होंने कहा कि 50 लाख महिलाओं को मंईयां सम्मान योजना के तहत लाभ दिया जा रहा है और बजट में सबसे अधिक राशि इसी योजना के लिए निर्धारित की गई है। सीएम ने कहा कि अब महिलाएं केवल लाभार्थी नहीं, बल्कि निर्णय लेने वाली भी बन रही हैं।

नई योजनाओं से बदलाव का दावा

हेमंत सोरेन ने कहा कि आने वाले समय में और बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे। मइया सम्मान योजना को उन्होंने मील का पत्थर बताया और इसके तहत आगे “जोहार परियोजना”, “मइया बलवान योजना” और “मइया उद्यमी योजना” शुरू करने की घोषणा की।

उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार यहीं नहीं रुकेगी, बल्कि महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण के लिए लगातार नए कदम उठाए जाएंगे।

शिक्षा के क्षेत्र में बड़े निवेश

सीएम ने शिक्षा क्षेत्र में हो रहे बदलावों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में हजारों छात्र आवेदन कर रहे हैं और इसी पहल के तहत 40 छात्र इंजीनियरिंग के लिए क्वालिफाई कर चुके हैं।

उन्होंने कहा कि पहले 80 स्कूल ऑफ एक्सीलेंस थे, अब 100 और नए स्कूल खोले जाएंगे। शिक्षा के लिए कुल बजट का 12 प्रतिशत, यानी 18,800 करोड़ रुपये निर्धारित किया गया है।

निवेश और भविष्य की दिशा

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पहली बार दावोस गई, जहां राज्य को निवेश के नए अवसर मिले। उन्होंने विश्वास जताया कि सही नीतियों के कारण सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं और आने वाले समय में झारखंड विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।

सीएम ने कहा कि जिन लोगों ने सपने देखना छोड़ दिया था, वे अब फिर से उम्मीदों के साथ आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने दोहराया कि झारखंड न रुका है, न झुका है, बल्कि लगातार आगे बढ़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *